तमिलनाडु : सेंथिल बालाजी समेत तीन अन्य ने मंत्री पद की शपथ ली

चेन्नई. तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. रवि ने रविवार को यहां द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के वरिष्ठ नेता वी. सेंथिल बालाजी को मंत्री पद की शपथ दिलाई. बालाजी को कुछ दिन पहले ही धनशोधन के एक मामले में उच्चतम न्यायालय से जमानत मिली थी. सेंथिल बालाजी (48) को ‘बिजली, गैर-परंपरागत ऊर्जा विकास, मद्द-निषेध एवं उत्पाद शुल्क’ का वही प्रमुख विभाग सौंपा गया है, जो पहले भी स्टालिन मंत्रिमंडल में उनके पास था.

द्रमुक के तीन अन्य विधायकों आर. राजेंद्रन (सलेम-उत्तर), गोवी चेझियान (तिरुविदाईमारुदुर) और एस. एम. नासर (अवाडी) ने भी राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की मौजूदगी में शपथ ली. इस अवसर पर उनके बेटे उदयनिधि भी मौजूद थे, जो पहले ही उपमुख्यमंत्री बनाए जा चुके हैं. गोवी चेझियान को तकनीकी शिक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, विज्ञान और प्रौद्योगिकी समेत उच्च शिक्षा विभाग आवंटित किया गया है, जो पहले के. पोनमुडी (अब वन मंत्री) के पास था.

तंजावुर जिले के मूल निवासी चेझियान (58) मंत्री नियुक्त होने से पहले एक वक्ता, पार्टी पदाधिकारी और मुख्य सरकारी सचेतक थे. तीन बार विधायक रहे चेझियान पहली बार 2011 में चुने गए थे. राजेंद्रन (65) को पर्यटन विभाग दिया गया है. उन्हें सलेम राजेंद्रन के नाम से भी जाना जाता है. वह छात्र जीवन से ही पार्टी कार्यकर्ता हैं और युवा शाखा समेत पार्टी के विभिन्न पदों पर रह चुके हैं. वह वकील हैं और तीसरी बार विधायक बने हैं.

अवाडी से पार्टी के जाने-माने चेहरे 64-वर्षीय नासर को अल्पसंख्यक कल्याण और अनिवासी तमिल कल्याण मंत्री बनाया गया है.
बालाजी को पिछले साल 14 जून को ईडी ने कथित नौकरी के बदले नकदी घोटाले से जुड़े धनशोधन के एक मामले में गिरफ्तार किया था. यह मामला उस समय का है, जब बालाजी पूर्ववर्ती ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) सरकार में परिवहन मंत्री थे.

मई 2023 में नासर को मंत्रिमंडल से हटा दिया गया था और उस समय वह दुग्ध और डेयरी विकास मंत्री थे. अठाईस सितंबर को कैबिनेट से हटाये गये के. रामचंद्रन को रविवार को मुख्य सरकारी सचेतक नियुक्त किया गया. रामचंद्रन पहले पर्यटन मंत्री थे. चारों विधायकों ने तमिल में शपथ ली. मुख्यमंत्री स्टालिन ने तीन मंत्रियों (टी मनो थंगराज, गिंगी केएस मस्तान और के रामचंद्रन) को हटा दिया और चार मंत्रियों को शामिल किया. मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल में अब कुल 35 सदस्य हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button