‘चुनाव में दानव रूपी भ्रष्टाचारियों, दुराचारियों, माफिया और अपराधियों को सबक सिखाएं’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 28 Apr 2023 07:31 PM
‘चुनाव में दानव रूपी भ्रष्टाचारियों, दुराचारियों, माफिया और अपराधियों को सबक सिखाएं’
ऑडियो सुनें

सीतापुर/लखीमपुर खीरी/बलरामपुर. उत्तर प्रदेश के मुख्­यमंत्री योगी आदित्­यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि काशी और अयोध्या के पुनरुद्धार के बाद अब नैमिषारण्य के विकास की बारी है. उन्­होंने जनता से ‘निकाय चुनाव में दानव रूपी भ्रष्टाचारियों, दुराचारियों, माफिया और अपराधियों को सबक सिखाने’ की अपील की.

नगर निकाय चुनाव के लिए योगी आदित्­यनाथ ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के पक्ष में सीतापुर, लखीमपुर खीरी और बलरामपुर में आयोजित सभाओं को संबोधित किया. सीतापुर जिले के मेला मैदान, मिश्रिख की जनसभा में मुख्­यमंत्री योगी आदित्­यनाथ ने कहा, ‘‘काशी चमक चुकी है, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हो रहा है. मथुरा-वृंदावन के कायाकल्प का काम चल रहा है. अब नैमिषारण्य की बारी है.’’

प्रदेश में हो रहे नगर निकाय चुनाव को ‘देवासुर संग्राम’ बताते हुए योगी ने कहा कि कभी इसी नैमिषारण्य की भूमि से मर्हिष दधीचि ने दैवीय शक्तियों के विजय के लिए अपनी अस्थियां वज्र बनाने के लिए दी थीं. योगी ने कहा कि यह समय भी इस चुनाव में ‘‘दानव रूपी भ्रष्टाचारियों, दुराचारियों, माफिया और अपराधियों को सबक सिखाने का है.’’ उन्­होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम की तरह ही नैमिषारण्य का कायाकल्प होने के बाद यहां धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा, जिससे हर क्षेत्र में रोजगार के अवसर बड़े पैमाने पर सृजित होंगे.

योगी ने कहा, ‘‘सीतापुर जनपद की अपनी महिमा है, दुनिया का सबसे पुराना इतिहास सीतापुर जनपद के नैमिषारण्य का है, यह स्थान हमारे लिए हमेशा अत्यंत आस्था का केन्द्र बिन्दु रहा है.’’ गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से करीब 80 किलोमीटर दूर सीतापुर जिले में गोमती नदी के तट पर स्थित नैमिषारण्य एक प्रसिद्ध हिंदू तीर्थ है. इसे हजारों ऋषियों की तपस्थली के रूप में जाना जाता है. सरकार ने नैमिषारण्य के पौराणिक महत्व को देखते हुए ‘नैमिषारण्य तीर्थ विकास परिषद’ का गठन किया है.

उन्­होंने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ के तहत सीतापुर की दरी का निर्यात किया जा रहा है और अमेरिका, जापान तथा यूरोप के घरों में सीतापुर की दरी पहुंच रही है. मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से ‘‘बिना भेदभाव के अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था देने और नगरों को कूड़े की जगह स्मार्ट सिटी का रूप देने के लिए भाजपा को वोट देने’’ की अपील की. इस अवसर पर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद उपस्थित थे. मंच पर जिले के सभी नगर निकायों के लिए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी भी मौजूद थे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सीतापुर के बाद लखीमपुर खीरी के राजकीय इंटर कॉलेज में एक चुनाव सभा को संबोधित करते हुए कहा, ”हमारे धार्मिक स्थल राष्ट्रीय एकात्मता के प्रतीक हैं. इस दिशा में हमारी सरकार छोटी काशी के रूप में विख्यात गोला गोकर्ण धाम कॉरिडोर का निर्माण करा रही है.” उन्­होंने कहा, ”कॉरिडोर का निर्माण कार्य पूरा होगा तो यहां पर्यटक आएंगे. इससे यहां के लोगों को रोजगार मिलेगा.” मुख्­यमंत्री ने कहा, ”हमारी सरकार दुधवा नेशनल पार्क में इको टूरिज्म (पारिस्थितिक पर्यटन) को बढ़ावा दे रही है. हम नैमिषारण्य में गोला गोकर्णनाथ के लिए कार्य योजना बना रहे हैं.”

विपक्ष की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मतदाताओं से मुख्­यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा के फेल इंजन प्रदेश के विकास को पीछे लेकर जा रहे थे, वहीं जब आपने डबल इंजन की सरकार चुनी तो विकास की गति दोगुनी हो गई है. योगी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अब विकास की स्पीड को तीन गुना करने का समय आ गया है. इसके लिए डबल इंजन में तीसरा इंजन लगाने की जरूरत है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बलरामपुर में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पहले भारत की छवि एक दब्बू देश के रूप में होती थी, लेकिन जब से मोदी जी प्रधानमंत्री बने, भारत सम्मान की नजर से देखा जाने लगा है.

उन्­होंने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है. चाहे स्वास्थ्य सेवाएं हो या फिर कानून व्यवस्था हर क्षेत्र में लगातार सुधार हुआ है. मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में गुंडाराज था और व्यापारियों से गुंडा टैक्स वसूला जाता था लेकिन आज किसी की हिम्मत नहीं है जो व्यापारियों से गुंडा टैक्स मांग ले, उसे पता है कि उसका अंजाम क्या होगा. उल्लेखनीय है कि अगले माह चार मई और 11 मई को दो चरणों में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान होगा और 13 मई को मतगणना होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu