छत्तीसगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम, अगले पांच दिन तक शुष्क रहेगा मौसम

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 03 Feb 2026 01:00 PM
छत्तीसगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम, अगले पांच दिन तक शुष्क रहेगा मौसम
ऑडियो सुनें

रायपुर: छत्तीसगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिला है। हालांकि प्रदेश में फिलहाल कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, इसके बावजूद दिन और रात के तापमान में मामूली बदलाव दर्ज किया जा रहा है। मौसम शुष्क बना हुआ है और ठंड के विदा होने तथा गर्मी के आगमन के बीच मौसम एक तरह के ठहराव के दौर से गुजर रहा है।

बीते तीन दिनों से राजधानी रायपुर राज्य का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। आंकड़ों के अनुसार रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आई है। सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश के अन्य शहरों की तुलना में अधिक रहा।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से जब हवाओं की दिशा बदलती है तो रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होती है, वहीं नमी कम होने पर न्यूनतम तापमान गिर जाता है। यही कारण है कि दिन और रात के तापमान में लगातार हल्का अंतर देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क और स्थिर रहेगा। कम से कम आगामी दो दिनों तक किसी तरह के मौसमीय बदलाव की संभावना नहीं है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में मामूली कमी दर्ज की गई है, जबकि दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं रायपुर शहर में मंगलवार की सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital