जो एक महिला राज्यपाल का सम्मान नहीं कर सकते, वे आधी आबादी को क्या इज्जत देंगे: योगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sat, 25 Feb 2023 07:12 PM
ऑडियो सुनें

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शनिवार को विधानसभा में राज्‍य की मुख्‍य विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) पर तंज कसते हुए कहा कि जो एक महिला राज्यपाल का सम्मान नहीं कर सकते, वे आधी आबादी को क्या इज्जत देंगे। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शनिवार को विधानसभा के बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्‍यवाद प्रस्‍ताव पर चर्चा के दौरान सपा को महिला विरोधी बताते हुए कहा, ‘‘जो लोग मातृ शक्ति की प्रतीक राज्यपाल महोदया का सम्मान नहीं कर सकते, उनसे प्रदेश की आधी आबादी के सम्मान की उम्मीद रखना बेमानी होगा।’’.

उन्होंने महिलाओं के लिए चलाई गयी योजनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं को लागू करने में प्रदेश नंबर वन है। सपा की सदस्य डॉक्टर रागिनी सोनकर समेत कई विपक्षी सदस्यों ने चर्चा के दौरान सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश को ‘नंबर वन’ बताने वाले दावे को खारिज किया था। नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को सरकार की राजनीतिक साख पर सवाल खड़ा किया था। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर 2014, 2017, 2019 और 2022 में उत्तर प्रदेश की जनता ने हमें जनादेश दिया, यह हमारी ‘राजनीतिक साख’ (पॉलिटिकल क्रेडिबिलिटी) का सबसे बड़ा उदाहरण है। देश-दुनिया से 33 लाख 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव हमारी ‘राजनीतिक साख’ पर मुहर है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu