महज नारेबाजी से लोगों को मूर्ख नहीं बनाया जा सकता, प्रधानमंत्री मोदी ने ‘न्याय’ सुनिश्चित किया: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Dec 2023 09:10 PM
महज नारेबाजी से लोगों को मूर्ख नहीं बनाया जा सकता, प्रधानमंत्री मोदी ने ‘न्याय’ सुनिश्चित किया: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस की ओर से ‘भारत न्याय यात्रा’ शुरू किए जाने की घोषणा को ‘महज नारेबाजी’ करार दिया और कहा कि इससे लोगों को ‘मूर्ख’ नहीं बनाया जा सकता. केंद्रीय मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी लेखी ने कहा कि ये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं जिन्होंने विकास को सभी तक पहुंचाकर यह सुनिश्चित किया है कि सभी को न्याय मिले.

लेखी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते कई दशकों के दौरान अन्यायपूर्ण व्यवस्था चलाई जिसके चलते लोगों को सामाजिक अन्याय सहित कई तरह के अन्य अन्याय झेलने पड़े. उन्होंने कहा कि बैंकिंग प्रणाली इस अन्याय का एक बड़ा उदाहरण है क्योंकि एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों) के लिए जिम्मेदार लोगों को व्यक्तिगत संबंधों के कारण बैंक ऋण दिया गया था, जबकि मोदी ने करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोलकर उन्हें वित्तीय प्रणाली में शामिल करके सामाजिक न्याय की नींव रखी है.

कांग्रेस ने बुधवार को घोषणा की कि वह राहुल गांधी के नेतृत्व में मणिपुर से मुंबई तक ‘भारत न्याय यात्रा’ आयोजित करेगी, जो 14 जनवरी से 14 राज्यों और 85 जिलों से होकर गुजरेगी. यात्रा का समापन 20 मार्च को होगा. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ‘भारत न्याय यात्रा’ निकालने के कांग्रेस के फैसले पर तंज कसते हुए विपक्षी पार्टी पर 1984 के सिख दंगा पीड़ितों को कई वर्षों तक न्याय दिलाने में विफल रहने और ‘टुकड़े-टुकड़े’ गैंग के साथ खड़े होने का आरोप लगाया.

ठाकुर ने कांग्रेस की भारत न्याय यात्रा के बारे में पूछे जाने पर यहां संवाददाताओं से कहा, ”जो लोग 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को कई वर्षों तक न्याय नहीं दिला सके, वे किसी के साथ न्याय कैसे कर सकते हैं?” उन्होंने कहा, ”जो लोग टुकड़े-टुकड़े गैंग के सदस्यों को शामिल करते हैं और जाति और क्षेत्र के आधार पर विभाजन पैदा करते हैं, वे कैसे न्याय प्रदान करेंगे?”

उन्होंने कहा कि यह मोदी सरकार है जिसने 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए एक एसआईटी का गठन कर जांच का जिम्मा सौंपा. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि विपक्षी पार्टी कुछ नारे गढ.कर भारतीयों को मूर्ख नहीं बना सकती. उन्होंने कहा कि इसके नेता राहुल गांधी को उन लोगों के साथ देखा गया है जो भारत के ‘टुकड़े-टुकड़े’ की वकालत करते हैं.

कोहली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता देश के लोकतंत्र में विदेशी हस्तक्षेप की मांग को लेकर विदेश जाते हैं. उन्होंने कहा कि मोदी 2014 से यह सुनिश्चित करके ‘वास्तविक न्याय’ कर रहे हैं कि विकास देश के हर कोने और हर किसी तक पहुंचे. उन्होंने कहा, ”यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी लोगों की परवाह करते हैं. केवल नारेबाजी से कुछ नहीं बदलता. मोदी जो अच्छी नीतियां बना रहे हैं. बदलाव लाने की उनकी मंशा और प्रतिबद्धता उनकी नीतियों और कार्यक्रमों से स्पष्ट होती हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu