जिन लोगों ने ”गुलामी” स्वीकार कर ली है, उन्हें हम पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए: संजय राउत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 01 Jan 2024 08:02 PM
जिन लोगों ने ”गुलामी” स्वीकार कर ली है, उन्हें हम पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए: संजय राउत
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने सोमवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन लोगों ने ”गुलामी” स्वीकार कर ली है, उन्हें महाविकास आघाडी (एमवीए) नेताओं पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. शिवसेना (यूबीटी) नेता की यह टिप्पणी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के एक गुट के प्रमुख अजित पवार द्वारा उनकी (राउत) कोई हैसियत नहीं होने की बात कहने के एक दिन बाद आई है.

पवार की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर राउत ने पत्रकारों से कहा, ”जिन लोगों ने ‘गुलामी’ को चुन लिया है…उन्हें हम पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. इस मुद्दे पर मुझे ज्यादा बोलने की जरूरत नहीं है. लोकसभा चुनाव में पता चल जायेगा कि कौन फालतू व्यक्ति है.” पवार पिछले जुलाई में आठ विधायकों के साथ शिवसेना-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में शामिल हो गये थे और अपने चाचा शरद पवार द्वारा स्थापित राकांपा और उसके चुनाव चिह्न पर दावा किया था. राउत ने कहा, ”महाराष्ट्र का लगातार अपमान हो रहा है, लेकिन सत्ता में बैठे लोग चुप्पी साधे हुए हैं. उन्हें दूसरों की आलोचना करने का क्या अधिकार है?”

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के संयोजक की नियुक्ति के लिए कोई बैठक नहीं हुई: संजय राउत

शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने सोमवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के संयोजक या अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए कोई बैठक नहीं हुई है. आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों ने 19 दिसंबर, 2023 को बैठक की थी और जल्द से जल्द सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने का फैसला किया था.

बैठक में कुछ नेताओं ने गठबंधन की ओर से प्रधानमंत्री पद के चेहरे के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का नाम भी प्रस्तावित किया था. खरगे ने हालांकि कहा था कि इस पर फैसला चुनाव में जीत के बाद ही होगा और सबसे पहले चुनावों में जीत दर्ज करना जरूरी है.

यह पूछे जाने पर कि क्या जनता दल (यूनाइटेड) नेता एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी गठबंधन का चेहरा होंगे, राउत ने सोमवार को पत्रकारों से कहा, ”हाल में ‘इंडिया’ गठबंधन की कोई बैठक नहीं हुई है. यहां तक ??कि ‘इंडिया’ गठबंधन की दिल्ली में हुई पिछली बैठक के दौरान भी ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं आया था.” राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा, ”दिल्ली में हुई ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा था कि हमें एक चेहरे को आगे लाने की जरूरत है. सर्वसम्मति से चुने गये वरिष्ठ नेता ही इस गठबंधन के संयोजक या अध्यक्ष के रूप में काम करेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu