मणिपुर में अशांति के बीच मोदी की अमेरिका यात्रा पर तृणमूल कांग्रेस ने उठाया सवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 Jun 2023 07:46 PM
मणिपुर में अशांति के बीच मोदी की अमेरिका यात्रा पर तृणमूल कांग्रेस ने उठाया सवाल
ऑडियो सुनें

कोलकाता. तृणमूल कांग्रेस ने मणिपुर में अशांति के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका यात्रा पर बुधवार को सवाल उठाया.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप को खारिज करते हुए कहा कि केंद्र और मणिपुर की सरकार पूर्वोत्तर राज्य के हालात को लेकर चिंतित हैं और शांति लाने के प्रयास जारी हैं. मणिपुर में मई की शुरुआत से जारी जातीय हिंसा में अब तक 100 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है.

प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर 21 जून से चार दिन की अमेरिका यात्रा पर हैं. तृणमूल कांग्रेस ने ट्वीट किया, ”मणिपुर जल रहा है तो क्या? प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए अमेरिका यात्रा अधिक महत्वपूर्ण है.” मणिपुर में हालात से निपटने के भाजपा के तरीके की आलोचना कर रही तृणमूल कांग्रेस ने कहा, ”100 से ज्यादा लोग मारे गये, 50,000 लोग विस्थापित हो गये और मोदी अमेरिका की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर हैं. उन अच्छे दिनों की कमी खलती है जब नेता जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने के बजाय वास्तव में समस्याओं पर ध्यान देते थे.”

तृणमूल कांग्रेस के ट्वीट के बाद भाजपा प्रवक्ता सामिक भट्टाचार्य ने पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़े दल से कहा कि पहले आगामी पंचायत चुनाव के लिए कानून व्यवस्था दुरुस्त करे. उन्होंने कहा, ”केंद्र और मणिपुर सरकार को राज्य के हालात की बहुत चिंता है. तृणमूल कांग्रेस को माननीय प्रधानमंत्री को यह उपदेश देने की जरूरत नहीं है कि उन्हें क्या करना चाहिए और क्या नहीं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu