भरोसे का सम्मेलन: आप इसलिए आए हैं क्योंकि आपका मेरे परिवार पर भरोसा है – प्रियंका गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Apr 2023 10:02 PM
भरोसे का सम्मेलन: आप इसलिए आए हैं क्योंकि आपका मेरे परिवार पर भरोसा है – प्रियंका गांधी
ऑडियो सुनें

जगदलपुर. कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को छत्तीसगढ़ की जनता से एक बार फिर उनकी पार्टी की सरकार में भरोसा जताने का अनुरोध किया. इस दौरान उन्होंने राज्य में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा. बस्तर के जिला मुख्यालय जगदलपुर के लालबाग मैदान में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि बस्तर पहले नक्सली ंिहसा के लिए जाना जाता था लेकिन अब यह एक “ब्रांड” बन गया है और क्षेत्र के लोगों को हस्तशिल्प, अन्य कलाओं और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के कारण देश-विदेश में पहचान मिली है. कांग्रेस शासित राज्य छत्तीसगढ़ में इस वर्ष के अंत में विधानसभा के चुनाव होने हैं.

प्रियंका और मुख्यमंत्री बघेल ने आज यहां ‘भरोसे का सम्मेलन’ कार्यक्रम के दौरान ‘आदिवासी परब सम्मान निधि योजना’ की शुरुआत की. इस योजना के तहत अनुसूचित क्षेत्रों में प्रत्येक ग्राम पंचायतों को त्यौहार, मेले और धार्मिक आयोजनों के लिए दो किस्तों में 10 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी. कार्यक्रम में बस्तर संभाग के सातों जिलों के आदिवासियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया.

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा, ”भूपेश बघेल नीत सरकार राज्य के लोगों को सशक्त बनाने का काम कर रही है. इसने आपके भरोसे को कभी नहीं तोड़ा. आपने भाजपा के 15 साल के शासन को देखा है और उन पर भरोसा भी किया था. लेकिन हुआ क्या? तब केवल ‘भय, भूख और भ्रष्टाचार’ का बोलबाला था.” उन्होंने कहा, ”आपकी जमीन छीन ली गईं और आपको हथकड़ी लगा दी गई. उन्होंने आपको निर्भर बनाया, आत्मनिर्भर नहीं. उन्होंने आपका आत्मविश्वास तोड़ा और आपके दर्द को नजरअंदाज किया. कांग्रेस सरकार ने आपको आपका गौरव लौटाया और आपको सशक्त बनाने का काम किया.”

कांग्रेस नेता ने कहा, ”भाजपा शासन (2003-2018) के दौरान लूट, भ्रष्टाचार और लोगों के दर्द को नजरअंदाज करना सामान्य हो गया था.” उन्होंने दावा किया, ”अब आप एक ऐसी सरकार देख रहे हैं जो आपके उत्थान और विकास के लिए दिन-रात काम कर रही है, अब यह आपको तय करना है कि आप किसे समर्थन देंगे.”

प्रियंका ने नेहरू-गांधी परिवार के सदस्यों की बस्तर यात्रा को याद करते हुए कहा, ”आप आज यहां इसलिए आए हैं क्योंकि आपको मेरे परिवार के प्रत्येक सदस्य पर विश्वास है. आप इसलिए आए हैं क्योंकि पंडित जवाहरलाल नेहरू जी ने यहां कई साल पहले एक आदिवासी सम्मेलन में हिस्सा लिया था और आपके विकास के लिए काम किया था. आप इसलिए आए हैं क्योंकि आप इंदिरा गांधी जी के दिल में थे.”

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ”मेरे परिवार के सदस्यों ने भरोसे के कारण आपके सम्मान और आपकी जीवन शैली को पहचाना. हर रिश्ते में विश्वास प्रमुख कारक होता है. बिना भरोसे के कोई काम नहीं हो सकता. सार्वजनिक जीवन में, विश्वास बहुत महत्वपूर्ण चीज है.” उन्होंने स्थानीय ‘हल्बी’ आदिवासी बोली में सम्मेलन में भाग लेने वाले लोगों का स्वागत किया.

प्रियंका ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा जी कहा करती थीं कि आदिवासी संस्कृति सबसे अच्छी संस्कृति है क्योंकि वे प्रकृति का सम्मान करते हैं और अपने फायदे के लिए इसे कभी नुकसान नहीं पहुंचाते. उन्होंने मुख्यमंत्री बघेल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे जब भी उनसे मिलते हैं तो कभी भी नकारात्मक या किसी की शिकायत वाली बातें नहीं करते, बल्कि नई योजनाओं और विकास कार्यों की बात करते हैं. सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि बस्तर में कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है और यह क्षेत्र विकास के पथ पर बढ़ रहा है.

बघेल ने कहा, ”15 साल के भाजपा शासन के दौरान लोग बस्तर जाने से डरते थे, यहां नक्सलियों का आतंक था. सरकार राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर केवल पांच किलोमीटर तक ही सीमित थी. बस्तर के आदिवासियों के जीवन की कल्पना आप नहीं कर सकते हैं. एक तरफ नक्सलियों का दबाव, दूसरी तरफÞ पुलिस का डर, दोनों ओर से गोलियां चलती थी सीना हमारे आदिवासियों का छलनी होता था.’’

उन्होंने कहा, ” 2018 के विधानसभा चुनावों से पहले, जगदलपुर के इसी लालबाग मैदान से राहुल गांधी ने आदिवासियों की सुरक्षा और ‘जल जंगल जÞमीन’ पर उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने, रोजगार पैदा करने तथा बस्तर को सामान्य स्थिति में लाने का वादा किया था.” राज्य की विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बघेल ने कहा, ”हमने जूता, चप्पल, मोबाइल बांटने का काम नहीं किया बल्कि आपकी जेब में पैसा डालने काम किया जिससे आप अपनी पसंद से जूता खरीद सकें, मोबाइल खरीद सकें. कांग्रेस की सरकार हर वर्ग की सरकार है. सबको साथ लेकर चलने वाली सरकार है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu