ओडिशा: संबलपुर में बम फेंके जाने से दो लोग घायल…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 27 Mar 2024 12:16 PM
ओडिशा: संबलपुर में बम फेंके जाने से दो लोग घायल…
ऑडियो सुनें

संबलपुर: ओडिशा के संबलपुर जिले में अज्ञात व्यक्तियों ने देशी बम फेंके, जिसमें कम से कम दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना मंगलवार की रात टाउन थाना क्षेत्र के पीरबाबा चक में हुई थी। हमलावरों द्वारा फेंके गए देशी बम, वहां आगे खड़ी मोटरसाइकिल पर लगे और उनके छर्रे निकलने से वाहन के पास खड़े दो लोग घायल हो गए।

संबलपुर के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार भामू ने संवाददाताओं को बताया, ”इस घटना में घायल हुए लोग खतरे से बाहर हैं और स्थिति नियंत्रण में है। मामले की जांच की जा रही है।” संबलपुर के जिलाधिकारी अक्षय सुनील अग्रवाल ने लोगों से शांति बनाए रखने और फर्जी खबरों पर विश्वास न करने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा, ”स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस घटना की जांच कर रही है। घबराएं नहीं और प्रशासन का सहयोग करें।” पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस घटना के कारण का अभी तक पता नहीं चला है और अभी तक किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है।

एक बम मोटरसाइकिल की सीट पर गिरा था, जिससे उसमें आग लग गई थी। भामू और उत्तरी क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक हिमांशु कुमार लाल ने घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। घटनास्थल की घेराबंदी कर केंद्रीय सशस्त्र बलों को भी तैनात किया गया है।

संबलपुर में अप्रैल 2023 में हनुमान जयंती के जुलूस के दौरान सांप्रदायिक ंिहसा हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई दुकानें भी जलकर खाक हुई थीं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav