जल जीवन मिशन के तहत अब 71 फीसदी ग्रामीण घरों में पेयजल के कनेक्शन : सरकार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Dec 2023 07:03 PM
जल जीवन मिशन के तहत अब 71 फीसदी ग्रामीण घरों में पेयजल के कनेक्शन : सरकार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. सरकार ने सोमवार को बताया कि देश भर में लगभग 71 प्रतिशत ग्रामीण घरों में अब जल शक्ति मिशन के तहत नल का पानी कनेक्शन है. केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि नौ राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों – गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और तेलंगाना, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, दादरा नगर हवेली और दमन दीव तथा पुडुचेरी ने खबर दी है कि उन्होंने 30 सितंबर तक सभी ग्रामीण घरों में नल से पानी के लिए कनेक्शन प्रदान कर दिया है.

पटेल के अनुसार, 15 अगस्त, 2019 को जल जीवन मिशन की घोषणा के समय, 3.23 करोड़ (17 प्रतिशत) ग्रामीण घरों में पानी का कनेक्शन होने की सूचना मिली थी. मंत्री ने कहा कि राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार, अब तक, 10.46 करोड़ अतिरिक्त ग्रामीण परिवारों को नल जल कनेक्शन प्रदान किया जा चुका है.

उन्होंने बताया कि 29 नवंबर तक, देश के 19.24 करोड़ ग्रामीण परिवारों में से लगभग 13.69 करोड़ परिवारों के घरों में नल से पानी की आपूर्ति होने की सूचना है, जो लगभग 71 प्रतिशत है. सरकार की इस प्रमुख पहल का लक्ष्य 2024 तक ग्रामीण भारत के सभी घरों में व्यक्तिगत नल कनेक्शन के माध्यम से सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu