राष्ट्रपति मुर्मू के जन्मदिन पर उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने उन्हें दी बधाई

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 20 Jun 2024 01:33 PM
राष्ट्रपति मुर्मू के जन्मदिन पर उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने उन्हें दी बधाई
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिन पर बृहस्पतिवार को उन्हें बधाई दी और उनकी अच्छी सेहत व लंबे जीवन की कामना की। राष्ट्रपति मुर्मू 66 वर्ष की हो गईं।

मुर्मू ने अपने दिन की शुरुआत दिल्ली में भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा अर्चना के साथ की और सभी नागरिकों के कल्याण के लिए प्रार्थना की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मंदिर की कुछ तस्वीरें साझा कीं और लिखा,‘‘ जय जगन्नाथ!

आज दिल्ली में स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए तथा प्रार्थना की कि सभी देशवासियों का कल्याण हो तथा हमारा देश प्रगति के नए प्रतिमान स्थापित करता रहे।’’ मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाली आदिवासी परिवार में हुआ था। उन्होंने 25 जुलाई 2022 को राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी।

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी। राष्ट्रपति कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘ भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपनी पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ के साथ राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।’’

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा और समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। गरीबों और हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा करने पर उनका ज्ञान और जोर एक मजबूत मार्गदर्शक शक्ति है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उनकी जीवन यात्रा करोड़ों लोगों को उम्मीद देती है। उनके अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए भारत हमेशा उनका आभारी रहेगा। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav