अमित शाह जो कहते हैं वह करते हैं, जो नहीं कहते हैं उसे जरूर करते हैं: हेमा मालिनी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Dec 2023 06:50 PM
अमित शाह जो कहते हैं वह करते हैं, जो नहीं कहते हैं उसे जरूर करते हैं: हेमा मालिनी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने बुधवार को लोकसभा में गृहमंत्री अमित शाह की जमकर की तारीफ की और अक्षय कुमार की एक फिल्म के संवाद से मिलते-जुलते शब्दों का उपयोग करते हुए कहा कि ”अमित शाह जो कहते हैं वह करते हैं और जो नहीं कहते उसे (वह) जरूर करते हैं.” भारतीय न्याय (द्वितीय) संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा (द्वितीय) संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य (द्वितीय) विधेयक 2023 पर चर्चा में भाग लेते हुए यह टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि तीनों विधेयकों के कानून बनने के बाद अपराधियों की रूह कांपने लगेगी.

हेमा मालिनी ने कहा, ”अमित शाह जो कहते हैं वह करते हैं और जो नहीं कहते हैं उसे (वह) जरूर करते हैं.” उन्होंने किसी फिल्म का उल्लेख नहीं किया, लेकिन अक्षय कुमार ने फिल्म ‘राउडी राठौड़’ में कुछ इस तरह का संवाद बोला था. उस फिल्मी संवाद में कहा गया था, ”मैं जो कहता हूं वह करता हूं, जो नहीं कहता वह डेफिनेटली (जरूर) करता हूं.” हेमा मालिनी ने पशुओं के खिलाफ क्रूरता रोकने के लिए संबंधित कानून में संशोधन करने का गृहमंत्री और सरकार से आग्रह किया.

उन्होंने कहा, ”पुराने कानून के तहत पशु के साथ क्रूरता के मामले में 50 रुपये का जुर्माना लगता है. इस कानून में बदलाव करने की जरूरत है.” हेमा मालिनी ने कहा कि ‘पशु क्रूरता-मुक्त भारत’ बनाने के लिए कानून में संशोधन लाया जाए. विधेयक पर चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि पहले की सरकारों में इच्छाशक्ति का अभाव था, लेकिन यह सरकार अपनी इच्छाशक्ति की बदौलत ये विधेयक लेकर आई है. उन्होंने कहा कि प्रताड़ना करने वालों को दंड मिलेगा, इसका भी विधेयक में प्रावधान किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu