”अधर में जो है अटकी हुई, वो तो कोई सरकार नहीं” : अखिलेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Jun 2024 06:48 PM
”अधर में जो है अटकी हुई, वो तो कोई सरकार नहीं” : अखिलेश
ऑडियो सुनें

लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के रविवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की जोरदार तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उसे ”अधर में लटकी हुई सरकार” करार देते हुए तंज किया है.

यादव ने केंद्र में सत्तारूढ. होने जा रही राजग सरकार पर तंज करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक टिप्पणी में कहा, “ऊपर से जुड़ा कोई तार नहीं, नीचे कोई आधार नहीं. अधर में जो है अटकी हुई वो तो कोई ‘सरकार’ नहीं.” नरेन्द्र मोदी रविवार शाम राष्ट्रपति भवन में गठबंधन सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे. इससे पहले के दो कार्यकाल में भाजपा ने पूर्ण बहुमत हासिल कर सरकार बनाई थी. मगर इस बार उसे पूर्ण बहुमत नहीं मिला है. ऐसे में सरकार के गठन में तेलुगु देशम पार्टी और जनता दल यूनाइटेड की भूमिका निर्णायक हो गई है.

सपा ने ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और उसने अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 37 सीटें जीती हैं. मोदी (73) प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बाद लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने वाले दूसरे नेता होंगे. नेहरू ने 1952, 1957 और 1962 के आम चुनावों में कांग्रेस की जीत के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. भारत के पड़ोसी देशों और हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के नेताओं के अलावा गणमान्य व्यक्तियों और विशेष आमंत्रितों के भी राष्ट्रपति भवन में शाम सवा सात बजे प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की उम्मीद है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu