भाजपा के विशेष संपर्क अभियान के तहत गुजरात और महाराष्ट्र में रैली को संबोधित करेंगे: अमित शाह

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 10 Jun 2023 02:11 PM
भाजपा के विशेष संपर्क अभियान के तहत गुजरात और महाराष्ट्र में रैली को संबोधित करेंगे: अमित शाह
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद: केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह नरेन्द्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर शनिवार को गुजरात के पाटन जिले में एक रैली को संबोधित करेंगे। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।
शाह अपने गृह राज्य गुजरात के बाद पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के नांदेड़ में भी इसी तरह के समारोह में शिरकत करेंगे।

भाजपा नेता ने कहा कि शाह गुजरात के सिद्धपुर शहर में पूर्वाह्न करीब 11 बजे रैली को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भागवत कराड, भाजपा सांसद सत्यपाल ंिसह, पार्टी की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सी. आर. पाटिल और प्रदेश महासचिव रजनी पटेल मौजूद रहेंगे।

भाजपा की गुजरात इकाई ने केंद्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया है। इसके तहत कई केंद्रीय मंत्रियों ने राज्य का दौरा किया है। पार्टी के एक अन्य नेता ने कहा कि महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर में शाह की रैली शाम करीब साढ़े पांच बजे होनी है।

शाह की महाराष्ट्र यात्रा महत्वपूर्ण है क्योंकि यह कोल्हापुर, अहमदनगर और बीड सहित महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में सांप्रदायिक तनाव की घटनाओं के बाद होगी। नांदेड़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण का गृह क्षेत्र है। भाजपा नेता ने कहा कि शाह गुजरात से नांदेड़ जाएंगे और शहर के अचलनगर मैदान में रैली को संबोधित करेंगे तथा फिर नांदेड़ से वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav