मुख्यमंत्री योगी से श्रीरामचरितमानस की चौपाई के बारे में पूछूंगा : अखिलेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Jan 2023 08:44 PM
ऑडियो सुनें

फिरोजाबाद. श्रीरामचरितमानस पर टिप्पणी करके विवादों से घिरे अपने सहयोगी स्वामी प्रसाद मौर्य का बचाव करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विधानसभा सदन में इस महाकाव्य की एक चौपाई में इस्तेमाल किए गए ‘ताड़ना’ शब्द की व्याख्या पूछेंगे.

यादव ने रविवार रात यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा “हमारे मुख्यमंत्री एक संस्थान से निकले हैं और वह योगी हैं. मैं उनसे विधानसभा सदन में यह पूछूंगा कि श्रीरामचरितमानस में जिन पंक्तियों का जिक्र इस वक्त चल रहा है उनमें ताड़ना शब्द का इस्तेमाल किन लोगों के लिए किया गया है और वह किन पर लागू होती है.”

उन्होंने कहा “हम तो राम और कृष्ण दोनों के साथ-साथ विष्णु के भी सभी अवतारों को मानने वाले हैं. सवाल स्वामी प्रसाद मौर्य की टिप्पणी का नहीं है. सवाल उन पंक्तियों का है.” स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के सवाल पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा “भाजपा किसी के भी खिलाफ मुकदमा दर्ज करा सकती है.”

मौर्य को सपा में राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने के औचित्य के सवाल पर यादव ने कहा “यह संगठन की एक प्रक्रिया है. सपा जनता तक पहुंचने के लिए हर वर्ग के लोगों को प्रतिनिधित्व देगी और अपनी बात रखेगी.”

गजनी, गोरी ने हिंदुओं की आस्था पर प्रहार किया, वही कार्य सपा प्रमुख कर रहे: भूपेंद्र सिंह चौधरी

श्रीरामचरितमानस पर विवादित बयान देने के कुछ ही दिन के भीतर पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को समाजवादी पार्टी (सपा) में राष्­ट्रीय महासचिव बनाये जाने के बाद सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमले तेज करते हुए उनकी तुलना मोहम्­मद गजनी और मोहम्मद गोरी से की है.

भाजपा मुख्यालय से जारी एक बयान में इसके प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा स्वामी प्रसाद मौर्य को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनके इस फैसले से साबित हो गया है कि वे स्वामी प्रसाद मौर्य के हिन्दू आस्था और सनातन संस्कृति पर प्रहार करने वाले बयान के साथ हैं.

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘सपा प्रमुख के कार्य मोहम्­मद गजनी और मोहम्मद गोरी की याद दिलाते हैं. गजनी और गोरी ने बाहर से आकर सनातन संस्कृति और हिंदुओ की आस्था पर प्रहार किए, वही काम सपा प्रमुख यहां रह कर कर रहे है.’’ महमूद गजनवी उर्फ गजनी और मोहम्मद गोरी विदेशी आक्रांता थे जिन्होंने भारत पर कई बार आक्रमण किये और मंदिरों में तोड़फोड़ एवं लूटपाट किया.

चौधरी ने कहा, ‘‘सपा प्रमुख ने हिन्दुओं की आस्था व सनातन संस्कृति का अपमान और रामचरितमानस का अनादर करने के लिए राष्ट्रीय महामंत्री बनाकर स्वामी प्रसाद मौर्य को इनाम दिया है. सपा प्रमुख ने घृणित बयान देने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य को महामंत्री बनाकर हिन्दू सम्मान, स्वाभिमान और आस्था को चोट पहुंचाने के अपने इरादे साफ कर दिए है.’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu