बुर्किना फासो की सेना ने 200 से ज्यादा आम लोगों की जान ली : ‘ह्यूमन राइट्स वॉच’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 25 Apr 2024 09:40 PM
बुर्किना फासो की सेना ने 200 से ज्यादा आम लोगों की जान ली : ‘ह्यूमन राइट्स वॉच’
ऑडियो सुनें

डाकार. बुर्किना फासो में सैन्य बलों ने चरमपंथियों के साथ सहयोग करने के आरोपी दो गांवों पर हमला कर बच्चों समेत 223 आम लोगों को मार डाला. ‘ह्यूमन राइट्स वॉच’ ने बृहस्पतिवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी. रिपोर्ट के मुताबिक, जनसंहार 25 फरवरी को देश के उत्तरी हिस्से में स्थित नोंदिन और सोरो गांवों में किया गया तथा मृतकों में करीब 56 बच्चे शामिल हैं. मानवाधिकार संगठन ने संयुक्त राष्ट्र और अफ्रीकी संघ से जांचकर्ता उपलब्ध कराने और जनसंहार के जिम्मेदार लोगों को इंसाफ के कटघरे में लाने के स्थानीय प्रयासों का समर्थन करने का आग्रह किया है.

‘ह्यूमन राइट्स वॉच’ की कार्यकारी निदेशक तिराना हसन ने एक बयान में कहा कि नोंदिन और सोरो गांवों में जनसंहार बुर्किना फासो की सेना द्वारा अपने आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान आम लोगों की हत्या करने की कड़ी में नया मामला है. उन्होंने कहा कि मानवता के खिलाफ संभावित अपराध की विश्वसनीय जांच के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जरूरी है. बुर्किना फासो की सरकार के प्रवक्ता ने 25 फरवरी को हुए हमले को लेकर टिप्पणी के आग्रह का जवाब नहीं दिया. देश में आतंकवादी संगठन अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट समूह के सदस्य राष्ट्र समर्थक बलों पर हमला करते हैं. दोनों पक्षों ने आम लोगों को निशाना बनाया है जिससे 20 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हो गए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu