दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा से मिले पूर्व सीएम भूपेश बघेल और चरणदास महंत, दीपावली की दीं शुभकामनाएं

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Sat, 07 Nov 2026 02:48 PM
दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा से मिले पूर्व सीएम भूपेश बघेल और चरणदास महंत, दीपावली की दीं शुभकामनाएं
ऑडियो सुनें

दीपावली के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने आज नई दिल्ली में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा प्रियंका वाड्रा से मुलाकात की तथा शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर देश के मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक हालात पर चर्चा की।

राहुल गांधी के 5, सुनहरी बाग रोड स्थित निवास पर आयोजित इस समारोह में यूपीए की चेयरपर्सन और सांसद सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत सहित देशभर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत प्रदेश कांग्रेस के कई प्रमुख नेता समारोह में पहुंचे। इस दौरान सभी नेताओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और आत्मीय मुलाकात की। समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए डॉ. चरणदास महंत ने दीपावली के संदेश को आपसी प्रेम, विश्वास और एकजुटता से जोड़ा। उन्होंने कहा कि अंधकार कितना भी गहरा हो, उम्मीद और विश्वास का एक दीपक उसे दूर कर सकता है।

महंत ने मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए कहा कि देश आज नफरत, वैमनस्य और विभाजनकारी राजनीति जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे दौर में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा और आपसी एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत हैं। राहुल गांधी के आवास पर हुए इस दीपावली मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनके संवाद और मेल-मिलाप के अवसर के तौर पर देखा जा रहा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group