सत्ता में आने पर अग्निपथ योजना रद्द करेंगे, महिलाओं को हर महीने 8,500 रुपये देंगे : राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 27 May 2024 07:48 PM
सत्ता में आने पर अग्निपथ योजना रद्द करेंगे, महिलाओं को हर महीने 8,500 रुपये देंगे : राहुल
ऑडियो सुनें

बख्तियारपुर/पालीगंज/जगदीशपुर. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सोमवार को दावा किया कि अगर विपक्षी गठबंधन ”इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस” (इंडिया) सत्ता में आएगा तो सेना में अल्पकालिक भर्ती की अग्निपथ योजना को रद्द कर दिया जाएगा और प्रत्येक महिला के खाते में प्रति माह 8,500 रुपये जमा किए जायेंगे.

बिहार के पटना साहिब संसदीय क्षेत्र के बख्तियारपुर, पाटलिपुत्र के पालीगंज एवं आरा के जगदीशपुर में महागठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ”बिहार और उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन का तूफान आ रहा है. नरेंद्र मोदी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी-जीएसटी लागू करके रोजगार के रास्ते बंद किए और सेना में अग्निपथ योजना लागू करके जवानों को मजदूर बना दिया. चार जून को जब ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनेगी तो अग्निपथ योजना को रद्दकर हम कूड़ेदान में फेंकने जा रहे हैं.”

उन्होंने कहा, ”यह नरेन्द्र मोदी की योजना है, सेना इस योजना को नहीं चाहती है, यह ऊपर से थोपी गई है और हमारा पहला काम अग्निपथ योजना को रद्दकर कूड़ेदान में फेंकने का होगा.” राहुल ने कहा, ”हम दो तरीके के शहीद नहीं चाहते. अग्निपथ योजना जवान को शहीद का दर्जा नहीं देगी और जो सामान्य तरीके से जवान बनेगा जो अफसर होगा, उसे शहीद का दर्जा मिलेगा. अग्निवीर को पेंशन नहीं मिलेगी, दूसरे जवान को पेंशन मिलेगी. अग्निवीर को कैंटीन की सुविधा नहीं मिलेगी, दूसरे जवान को कैंटीन की सुविधा मिलेगी.” उन्होंने कहा, ”हम यह अन्याय नहीं चाहते, इसलिए अग्निपथ योजना को हम रद्द करने जा रहे हैं, खत्म करने जा रहे हैं. ….और जैसे पहले होता था वैसे ही हम एक बार फिर बिहार के युवाओं के लिए, बाकी प्रदेशों के युवाओं के लिए सेना में स्थायी पेंशन वाली योजना लेकर आयेंगे. जैसे पहले होता था वैसे ही होगा.”

केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने 2022 में अग्निपथ योजना का ऐलान किया था जिसके तहत सेना के लिए युवा सैनिकों की भर्ती चार साल के लिए करने का प्रावधान है. चार वर्षीय अनुबंध पूरा होने पर 75 फीसदी युवा सैनिकों की सेवा समाप्त कर दी जाएगी तथा शेष 25 फीसदी को ही आगे रखा जाएगा. राहुल गांधी ने यह भी कहा कि केंद्र में ”इंडिया” गठबंधन की सरकार बनने के बाद जुलाई से महिलाओं के खाते में हर महीने 8,500 रुपये जमा किये जायेंगे जिससे हर परिवार की आर्थिक स्थिति बदल जायेगी. उन्होंने यह भी दावा किया कि चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन की बनने वाली सरकार सभी बंद उद्योगों को खोलेगी और 30 लाख सरकारी नौकरियों की रिक्तियों को भरेगी.

प्रधानमंत्री के ”परमात्मा द्वारा भेजे जाने” संबंधी कथित बयान पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, ”चार जून के बाद अगर भ्रष्टाचार के बारे में प्रवर्तन निदेशालय मोदी से सवाल करेगा तो वह कहेंगे, ”मैं कुछ नहीं जानता… मुझे परमात्मा ने भेजा था.” कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री के एक साक्षात्कार का जिक्र करते हुए कहा, ”मोदी जी कहते हैं उन्हें परमात्मा ने धरती पर भेजा है. मिशन पर भेजा है. हम सब बायोलॉजिकल लोग हैं. नरेंद्र मोदी जी अकेले आसमान से गिरे हैं. उनको भगवान ने हिंदुस्तान में अडाणी जी के लिए काम करने को भेजा है. 10 साल अडाणी जी का काम किया.” उन्होंने आगे कहा कि मोदी ने 22 अरबपति बनाए हैं, वे (कांग्रेस) करोड़ों लखपति बनाएंगे.

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर अपने अरबपति दोस्तों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ करने का आरोप लगाया और कहा कि देश इसके लिए उन्हें कभी माफ नहीं करेगा. राहुल गांधी ने दावा किया कि मोदी ने गरीबों से पैसा छीनकर औद्योगिक घरानों को दे दिया, जिन्होंने विदेशों में निवेश किया. कांग्रेस नेता ने कहा, ”यह चुनाव देश को बचाने, लोकतंत्र को बचाने और गरीबों के आरक्षण को बचाने के लिए है.” चुनावी सभाओं को राजद नेता तेजस्वी यादव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने भी संबोधित किया.

रैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, ”बिहार के लोग किसी से नहीं डरते…एक 75 वर्षीय व्यक्ति (मोदी), 34 साल के व्यक्ति को जेल की धमकी दे रहा है. बिहार के लोग गुजरात के लोगों से नहीं डरते …बिहार के लोग किसी से नहीं डरते, हमारे भगवान कृष्ण का जन्म जेल में हुआ था ….. जनता फैसला करेगी.” कांग्रेस नेता अंशुल अभिजीत जहां पटना साहिब लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं राजद नेता मीसा भारती पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र से तथा आरा से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के उम्मीदवार सुदामा प्रसाद महागठबंधन की उम्मीदवार हैं. पटना साहिब, पाटलिपुत्र और आरा सहित बिहार की बाकी बची कुल आठ लोकसभा सीटों पर एक जून को मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu