मुगल गार्डन का नाम बदलने से क्या दिन-प्रतिदिन की ज्वलंत समस्याएं दूर हो जाएंगी : मायावती

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Jan 2023 09:47 PM
ऑडियो सुनें

लखनऊ/कन्नौज. राष्ट्रपति भवन के प्रसिद्ध मुगल गार्डन का नाम बदलकर ‘अमृत उद्यान’ किए जाने के एक दिन बाद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को सवाल उठाया कि नाम बदलने से क्या देश के करोड़ों लोगों की दिन-प्रतिदिन की ज्वलंत समस्याएं दूर हो जाएंगी.

बसपा प्रमुख ने रविवार सुबह ट्वीट किया, ‘‘कुछ मुट्ठी भर लोगों को छोड़कर देश की समस्त जनता जबरदस्त महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से त्रस्त है, जिनके निदान पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय धर्मांतरण, नामांतरण, बायकाट और नफरती भाषणों के जरिये लोगों का ध्यान बांटने का प्रयास घोर अनुचित व अत्यंत दु:खद है.’’ उन्होंने आगे लिखा, ‘‘ताजÞा घटनाक्रम में राष्ट्रपति भवन के मशहूर मुगल गार्डन का नाम बदलने से क्या देश और यहां के करोड़ों लोगों की दिन-प्रतिदिन की ज्वलंत समस्याएं दूर हो जाएंगी. वरना फिर आम जनता इसे भी सरकार द्वारा अपनी कमियों और विफलताओं पर पर्दा डालने का प्रयास ही मानेगी.’’

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध मुगल गार्डन अब ‘अमृत उद्यान’ के नाम से जाना जाएगा. यह उद्यान साल में एक बार जनता के लिए खुलता है. लोग इस साल 31 जनवरी से इस उद्यान की यात्रा का लुत्फ उठा सकेंगे. एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार को राष्ट्रपति भवन उद्यान उत्सव 2023 का उद्घाटन करेंगी. राष्ट्रपति की उप प्रेस सचिव नविका गुप्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन उद्यान को ‘अमृत उद्यान’ के रूप में समान नाम देकर प्रसन्न हैं.’’

मुगल गार्डन का नाम बदलने पर अखिलेश ने किया तंज

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राष्ट्रपति भवन स्थित ‘मुगल गार्डन’ का नाम बदलने पर तंज करते हुए रविवार को कहा कि सरकार उनके शासनकाल में बनवाये गये लखनऊ—आगरा एक्सप्रेसवे का नाम बदलकर अमृत एक्सप्रेसवे कर दे.

यादव ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में राष्ट्रपति भवन स्थित ‘मुगल गार्डन’ का नाम बदलकर ‘अमृत उद्यान’ किये जाने के बारे में पूछने पर तंज करते हुए कहा, ”मुगल गार्डन का नाम बदल दिया गया. लखनऊ—आगरा एक्सप्रेसवे का भी नाम बदलकर अमृत एक्सप्रेसवे कर दो.’’ उन्होंने यह भी कहा, ”भाजपा वाले कहीं हमारा—आपका भी नाम बदलकर अमृत न रख दें.’’ सपा मुखिया ने कहा कि कन्नौज में समाजवादी पार्टी की सरकार द्वारा जो भी विकास कार्य कराया गया है उनका भी नाम अमृत मेडिकल कॉलेज, अमृत कैंसर अस्पताल, अमृत शौचालय कर दें. उन्होंने कहा कि भाजपा की यह सोची समझी साजिश है ताकि कोई महंगाई, बेरोजगारी और अन्य मसलों पर उससे कोई सवाल न कर सके.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu