नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कुछ आवश्यक दवाओं की कीमतों में कथित वृद्धि को लेकर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने (मोदी) लोगों की जेब काटने की ‘‘सुपारी’’ ली है. कांग्रेस अध्यक्ष ने ऐसे वक्त हमला बोला है जब मीडिया में ऐसी खबरें आयी हैं कि एक अप्रैल से 384 आवश्यक दवाओं और 1,000 से अधिक फॉर्मूलेशन के दाम में 11 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है.
खरगे ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मोदी जी, आपने तो जनता की जेब काटने की सुपारी ली है.’’ एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने भोपाल में एक कार्यक्रम में कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा था कि कुछ लोगों ने उन्हें मारने के लिए भांति-भांति के लोगों को ‘‘सुपारी’’ दे रखी है, लेकिन देश के गरीब, मध्यम वर्ग, आदिवासी, दलित, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समेत हर भारतीय आज मोदी का सुरक्षा कवच बना हुआ है.
मोदी की ‘सुपारी’ टिप्पणी पर सिब्बल का पलटवार : हमें नाम बताएं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘सुपारी’ वाली टिप्पणी के एक दिन बाद राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने रविवार को उनसे उन लोगों के नाम बताने के लिए कहा, जिन्होंने उनकी छवि बिगाड़ने के लिए सुपारी दे रखी है और कहा कि ‘‘हमें उन पर मुकदमा चलाने दें.’’ भोपाल में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर शनिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद मोदी ने वहां जुटी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा था, ‘‘हमारे देश में कुछ लोग हैं, जो 2014 के बाद से ही यह ठानकर बैठे हैं और उन्होंने सार्वजनिक रूप से बोला भी है. उन्होंने अपना संकल्प घोषित किया है कि हम मोदी की छवि को धूमिल करके रहेंगे.’’
प्रधानमंत्री ने कहा था, ‘‘इसके लिए इन लोगों ने भांति-भांति के लोगों को सुपारी दे रखी है और खुद भी मोर्चा संभाले हुए हैं. इन लोगों का साथ देने के लिए कुछ लोग देश के भीतर हैं और कुछ देश के बाहर भी बैठकर अपना काम कर रहे हैं.’’ इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए सिब्बल ने कहा, ‘‘मोदी जी का आरोप : ‘उन्होंने देश के भीतर और बाहर कुछ लोगों को मोदी की कब्र खोदने का ठेका दिया है.’ कृपया हमें इन लोगों, संस्थानों या देशों के नाम बताइए. यह कोई सरकारी रहस्य नहीं हो सकता. हमें उन पर मुकदमा चलाने दीजिए.’’