जेलेंस्की ने नाटो के रक्षा मंत्रियों की बैठक में रूस से लड़ने के लिए अधिक सहायता का किया अनुरोध

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 Oct 2023 07:15 PM
जेलेंस्की ने नाटो के रक्षा मंत्रियों की बैठक में रूस से लड़ने के लिए अधिक सहायता का किया अनुरोध

ऑडियो सुनें

ब्रसेल्स. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की पहली बार बुधवार को अधिक सैन्य सहायता की व्यक्तिगत वकालत के लिए दुनियाभर के 50 से अधिक देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए. अमेरिका में यूक्रेन के प्रति राजनीतिक समर्थन में आई कमी और हमास के साथ युद्ध में इजरायल को मजबूती देने के लिए सहयोगियों पर हथियार भेजने के लिए नये दबाव के बीच जेलेंस्की ने इस बैठक में हिस्सा लिया.

उनकी उपस्थिति ने रूसी आक्रमण के खिलाफ युद्ध में कीव के प्रति अंतरराष्ट्रीय समर्थन में आई दरार के प्रति बढ.ती चिंताओं को रेखांकित किया. जेलेंस्की ने बैठक में कहा, ”अगला सोमवार रूसी आक्रमण के खिलाफ हमारे प्रतिरोध का 600वां दिन होगा. और आज कोई यह निश्चित रूप से नहीं कह सकता कि अभी कितने दिन तक हमें अपनी आजादी और अपनी पहचान की रक्षा करनी होगी.” उन्होंने बैठक की शुरुआत करते हुए कहा, ”हम कई चीजें पहले ही कह सकते हैं जो मेरी नजर में महत्वपूर्ण हैं. पहली बात कि पुतिन यूक्रेन को हासिल नहीं कर पाएंगे. दूसरी बात, रूस हथियारों की नई होड़ को नहीं सह सकता और तीसरी बात यह कि लोकतंत्र यह जंग जीत सकता है.”

अमेरिका द्वारा आयोजित ‘यूक्रेन रक्षा संपर्क समूह’ की बैठक तब हो रही है जब यूक्रेन अपने सैनिकों को खराब मौसम आने से पहले रूसी सेना से जमीन हासिल करने में मदद करने के लिए और अधिक हथियारों की मांग कर रहा है. लेकिन अमेरिकी संसद (कांग्रेस) में राजनीतिक गहमागहमी ने यूक्रेन के लिए नए वित्त पोषण की मंजूरी को रोक दिया. इसके अलावा कुछ अमेरिकी सांसदों के बीच खर्च में किसी भी तरह की वृद्धि को लेकर विरोध बढ. रहा है. उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के मुख्यालय में जेलेंस्की ने इजराइल युद्ध का संज्ञान लेते हुए कहा कि यूक्रेनी इस तरह की त्रासदी को समझते हैं, लेकिन उन्होंने वायु रक्षा प्रणाली और लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइल से जुड़ी यूक्रेन की मौजूदा जरूरतों का ब्योरा दिया ताकि रूस को यूक्रेन से बाहर किया जा सके.

अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने अपने साथ ब्रसेल्स की यात्रा कर रहे संवाददाताओं से कहा कि यूक्रेन के लिए समर्थन निरंतर जारी है. उन्होंने कहा कि कई सहयोगी देश घोषणा करेंगे कि वे कीव को अतिरिक्त हथियार और अन्य सहायता भेज रहे हैं. अधिक ‘वायु रक्षा प्रणाली’ और युद्ध सामग्री की मांग सबसे अहम है.

ऑस्टिन ने कहा, ”मेरी नजर में ऊर्जा अब भी वहां है. मैं उन्हें फिर से आश्वस्त करूंगा कि हमारी इसके प्रति प्रतिबद्धता बरकरार है.” ‘संपर्क समूह’ कीव के लिए हथियारों, उपकरणों और प्रशिक्षण संबंधी सहायता जुटाने का मुख्य मंच है. इसकी बैठक महीने में लगभग एक बार होती है (व्यक्तिगत और वर्चुअल रूप से) और यह 16वीं बैठक है. जेलेंस्की का नाटो मुख्यालय में प्रवेश करते ही तालियों से स्वागत किया गया. उन्होंने बैठक के तुरंत बाद ऑस्टिन और अमेरिकी वायुसेना के जनरल सीक्यू ब्राउन के साथ व्यक्तिगत बातचीत की.

जेलेंस्की ने संवाददाताओं से बातचीत में लंबी दूरी की मिसाइलों और गोला-बारूद से जुड़ी अपने देश की आवश्यकता को दोहराया.
इस बैठक के बाद 31 सहयोगी देश और यूक्रेन इस स्तर पर पहली ‘नाटो-यूक्रेन परिषद’ में भाग लेंगे. कीव को गठबंधन के करीब लाने के प्रयासों के तहत जुलाई में औपचारिक रूप से इस मंच की स्थापना की गई थी. यह नाटो और कीव को सामान्य हित और चिंता के मुद्दों पर चर्चा करने की अनुमति देता है.

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 ये रिश्ता क्या कहलाता है : राज्यसभा सीट के लिए उद्योगपति नाथवानी ने पर्चा भरा, समाजवादी पार्टी ने बनाया उम्मीदवार, पिता भाजपा से हैं सांसद, रिलायंस ग्रुप के प्रेसिडेंट भी हैं
  2. 2 मंत्रिपरिषद के नए फैसले : अतिथि व्याख्याता नीति में बदलाव, छत्तीसगढ़ के मूल निवासी को प्राथमिकता, अग्निवीर सैनिकों को सिविल सेवा पदों में 10 प्रतिशत आरक्षण, सीएम साय के नेतृत्व में हुई बैठक
  3. 3 Flight or Fight : फ्लाइट के पायलट आपस में भिड़े, कॉकपिट में चले चाकू, दो घायल, 180 यात्री थे सवार, चीख-पुकार वाला वीडियो फोटो वायरल
  4. 4 Asian Games : छा गया छत्तीसगढ़.. भारत को दिए दो पदक, कोरबा की संजू देवी, अंबिकापुर के अनिमेष ने बढ़ाया मान, देखिए वीडियो
By Yogesh Kumar Sahu