जानना जरूरी है : अक्टूबर में 16 दिन बंद रहेंगे बैंक, LPG सिलेंडर से लेकर FD समेत 6 नियमों में आज से हुए बड़े बदलाव, जानिए किस पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Thu, 01 Oct 2026 09:58 AM
जानना जरूरी है : अक्टूबर में 16 दिन बंद रहेंगे बैंक, LPG सिलेंडर से लेकर FD समेत 6 नियमों में आज से हुए बड़े बदलाव, जानिए किस पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर

ऑडियो सुनें

एक अक्टूबर 2026 से भी आम आदमी की जेब, रसोई और बैंक खाते से जुड़े कई अहम नियमों में फेरबदल हो गया है। जानिए आज 1 अक्टूबर से क्या-क्या चीजें बदलीं। इस बार LPG सिलेंडर, बैंकिंग, FD, ATM से लेकर गाड़ियों की कीमत और LPG सब्सिडी तक कई नियमों और कीमतों में बदलाव की जानकारी सामने आई है।

इनका असर सीधे आपके घर के बजट, बैंकिंग खर्च और खरीदारी की लागत पर पड़ सकता है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि 1 अक्टूबर से कौन-कौन से बदलाव हुए हैं और इनमें से किनका असर आपकी जेब पर पड़ सकता है

कमर्शियल सिलेंडर महंगा

1 अक्टूबर से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। दिल्ली में इसकी कीमत ₹62.50 बढ़कर ₹2,810 हो गई है। इसका असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और दूसरे कारोबारों की लागत पर पड़ सकता है। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

FD नियमों में बदलाव

फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD कराने वाले ग्राहकों के लिए भी 1 अक्टूबर से बदलाव हुए हैं। RBI के दिशानिर्देशों के तहत बल्क FD की सीमा और उससे जुड़े ब्याज नियमों में संशोधन किया गया है। इसका असर बड़े डिपॉजिट रखने वाले ग्राहकों और उनके निवेश पोर्टफोलियो पर पड़ सकता है।

इलेक्ट्रॉनिक्स सामान महंगे

फेस्टिव सीजन में टीवी, AC और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने वालों को कीमतों में बढ़ोतरी का सामना करना पड़ेगा। इनपुट कॉस्ट और कस्टम्स ड्यूटी में बदलाव के कारण कुछ कंपनियां अपने प्रोडक्ट की कीमतें बढ़ा दी हैं, जो आज से लागू होंगी। हालांकि, कीमत में वास्तविक बढ़ोतरी कंपनी और प्रोडक्ट के हिसाब से अलग हो सकती है। LG के एयर कंडीशनर की कीमतों में आज से 5-7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो गई है।

टाटा मोटर्स के कमर्शियल वाहन महंगे
टाटा मोटर्स ने 1 अक्टूबर 2026 से अपने कमर्शियल वाहनों की कीमतों में 1 फीसदी तक बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। यानी नया कमर्शियल वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को पहले की तुलना में ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।

SBI ATM ट्रांजैक्शन पर नया असर
SBI ग्राहकों के लिए ATM से जुड़े शुल्क के नियमों में भी बदलाव किया गया है। निर्धारित मुफ्त सीमा से ज्यादा ATM से कैश निकालने या गैर-वित्तीय ट्रांजैक्शन करने पर लागू सेवा शुल्क के नियमों में संशोधन किया जा रहा है। इसलिए बार-बार ATM इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को अपने ट्रांजैक्शन की संख्या पर ध्यान देना होगा।

LPG सब्सिडी के लिए e-KYC जरूरी

LPG सब्सिडी का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए बायोमेट्रिक आधार सत्यापन यानी e-KYC को लेकर नियम सख्त किए गए हैं। जिन ग्राहकों की आधार e-KYC पूरी नहीं होगी, उनकी सब्सिडी प्रभावित हो सकती है। इसलिए सब्सिडी पाने वाले उपभोक्ताओं के लिए अपना KYC स्टेटस जांचना जरूरी है।

16 दिन बंद रहेंगे बैंक 

2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती
अक्टूबर के दूसरे हिस्से में दुर्गा पूजा और दशहरा से जुड़ी कई क्षेत्रीय छुट्टियां पड़ेंगी।
10 अक्टूबर को महालया अमावस्या के कारण कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के कुछ बैंकिंग केंद्रों में छुट्टी रहेगी। इसी दिन दूसरा शनिवार भी है, इसलिए देशभर में बैंक सामान्य साप्ताहिक अवकाश के कारण बंद रहेंगे।
17 अक्टूबर को महा सप्तमी के अवसर पर कुछ राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 19 अक्टूबर को महाष्टमी, महानवमी, आयुध पूजा और दुर्गा पूजा के कारण असम, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
20 अक्टूबर को विजयादशमी और दशहरा के चलते देश के ज्यादातर बैंकिंग केंद्रों में छुट्टी रहेगी। नवरात्रि और दशहरा के दौरान यही सबसे बड़ी बैंक छुट्टियों में से एक होगी।
इसके अलावा 21 अक्टूबर को विजयादशमी और दुर्गा पूजा से जुड़ी छुट्टी कुछ राज्यों में रहेगी। 22 और 23 अक्टूबर को भी दुर्गा पूजा और दशैं के कारण विशेष रूप से सिक्किम समेत कुछ क्षेत्रों में बैंक शाखाएं बंद रह सकती हैं।
26 अक्टूबर को लक्ष्मी पूजा, जम्मू-कश्मीर के Accession Day और महर्षि वाल्मीकि जयंती जैसे क्षेत्रीय अवसरों के कारण अलग-अलग राज्यों में छुट्टी रहेगी। 29 अक्टूबर को करवा चौथ और 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के कारण कुछ चुनिंदा बैंकिंग केंद्रों में अवकाश रहेगा।
अक्टूबर में सभी रविवार के साथ दूसरे और चौथे शनिवार को भी बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में लगातार छुट्टियों के दौरान शाखा से जुड़े काम प्रभावित हो सकते हैं।

By Navabharat News Group