ट्रैक्टर-ट्राली तालाब में गिरने से 26 की मौत, थाना प्रभारी निलंबित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Oct 2022 09:33 PM
ट्रैक्टर-ट्राली तालाब में गिरने से 26 की मौत, थाना प्रभारी निलंबित
ऑडियो सुनें

कानपुर. उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के साढ़ थाना क्षेत्र में भदेउना गांव के निकट शनिवार को सवारियों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली के तालाब में गिर जाने से 26 लोगों की मौत के मामले में संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है. जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने रविवार को बताया कि इस मामले में संबंधित थाना प्रभारी आनंद पांडे को कर्तव्य के प्रति लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है.

उन्होंने बताया कि घटनास्थल थाने से मात्र एक किलोमीटर दूर होने के बावजूद थाना प्रभारी लगभग एक घंटे की देर से मौके पर पहुंचे थे और इसलिए उनके खिलाफ यह कार्यवाही की गई है. जिलाधिकारी ने बताया कि बचाव कार्य पूरा हो चुका है और शवों का पोस्टमार्टम शनिवार की रात करा लिया गया है और अब उनका अंतिम संस्कार महाराजपुर के देवरी घाट पर होने जा रहा है.

उन्होंने बताया कि हादसे में घायल नौ लोगों का उपचार किया जा रहा है. गौरतलब है कि फतेहपुर के चंद्रिका देवी मंदिर में आयोजित एक मुंडन समारोह में शामिल होने के बाद शनिवार को 34 व्यक्तियों को लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली घाटमपुर जा रही थी. इस बीच ट्रैक्टर-ट्राली के तालाब में गिरने से उस पर सवार 13 महिलाओं और इतने ही बच्चों समेत 26 लोगों की मौत हो गयी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल जाकर हादसे में घायल लोगों का हाल जाना और वह पीड़ितों के कोरथा गांव भी गये और संबंधित लोगों से मुलाकात कर अपनी संवेदना प्रकट की. जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुख्यमंत्री कोरथा गांव में 30 मिनट से अधिक समय तक रहे और उन्­होंने व्यक्तिगत रूप से अपनी संवेदना जताने के लिए 12 घरों में जाकर लोगों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया.

अय्यर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस दुखद हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों से मुलाकात की और पीड़ित के प्रति संवेदना व्यक्त की. बातचीत के दौरान योगी ने एक महिला से पूछा कि क्या आप अपनी बच्ची को स्कूल भेजती हैं, महिला के मना करने के बाद उन्­होंने उसे अपने बच्चे को रोज स्कूल भेजने को कहा. जिलाधिकारी ने यह भी पुष्टि की कि मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को चेक वितरित नहीं किए, लेकिन व्यक्तिगत रूप से जल्द ही हम चेक सौंप देंगे.

हालांकि एक ग्रामीण आलोक निषाद ने मीडियार्किमयों के सामने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के लोगों को देवरी घाट छोड़ने की अनुमति नहीं दी, जहां अंतिम संस्कार किया गया था. निषाद ने बताया कि प्रशासन के लोगों ने कहा था कि मुख्यमंत्री यहां आप लोगों ने मिलने आ सकते हैं, लेकिन ऐसा हम लोगों को रोकने के लिए किया गया ताकि अधिकारियों की लापरवाही मुख्यमंत्री के सामने उजागर न हो जाए.

दौरे के बाद संवाददाताओं से बातचीत में आदित्यनाथ ने कहा “कानपुर की घटना अत्यंत दुखद है और सरकार इन्हें रोकने के लिए समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम चलाती है. मैंने कल लोगों से अपील की थी कि सड़क सुरक्षा हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए. बड़ी संख्या में लोग सड़क दुर्घटनाओं में मारे जाते हैं.” उन्होंने कहा “आज मैंने परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की है और उन्हें स्पष्ट रूप से निर्देश दिए हैं कि सड़क सुरक्षा को लेकर एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए और इसमें स्कूलों और कॉलेजों को भी जोड़ा जाए.”

मुख्यमंत्री ने कहा “ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक का प्रयोग उन्हीं उद्देश्यों में किया जाना चाहिए जिनके लिए वे बने हैं. अगर इन वाहनों का प्रयोग लोगों को ढोने में न किया जाए तो हम ऐसी घटनाओं को रोक सकते हैं. सड़क हादसों में लोगों की मौतों पर नियंत्रण के लिए मैंने गृह विभाग, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा शिक्षा विभाग एवं निर्माण कार्यों से जुड़ी विभिन्न एजेंसियों को एक व्यापक कार्यक्रम चलाकर उन कमियों का पता लगाने के निर्देश दिए हैं जिनसे ऐसी दुर्घटनाएं होती हैं.”

कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर ने संवाददाताओं को बताया कि प्रत्यक्षर्दिशयों के मुताबिक ट्रैक्टर ट्रॉली का चालक बहुत तेजी से वाहन चला रहा था और उस पर बैठे लोगों के बार-बार मना करने के बावजूद वह नहीं माना, नतीजतन यह दुर्घटना हुई. भास्कर ने बताया कि इस दुर्घटना के मामले में एक व्यक्ति को पकड़ा गया है जबकि ट्रैक्टर ट्रॉली का चालक फरार है. उसकी तलाश की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu