
नयी दिल्ली: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को संसद में कहा कि केरल के वायनाड में भूस्खलन से अब तक 70 लोगों की मौत हुई है। इस दर्दनाक प्राकृतिक आपदा के संदर्भ में पहले लोकसभा और फिर राज्यसभा में बयान देते हुए राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा केंद्र सरकार राज्य को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, ‘‘वायनाड में आज सुबह भूस्खलन की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अब तक राहतर्किमयों द्वारा 70 शवों को निकाला गया है, यानी 70 लोगों की मृत्यु हुई है। कई लोग घायल हैं। अब तक दो लोगों को मलबे से जीवित निकाला गया है। लगभग 250 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।’’
हालांकि, लोकसभा में जब राय ने बयान दिया तो उस समय उन्होंने मृतकों की संख्या 49 बताई थी। राय ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन को मौके पर रवाना किया है।’’
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं तथा सेना की दो टुकड़ियां भी पहुंच रही हैं। राय ने बताया कि भारतीय वायु सेना के दो हेलीकॉप्टरों को लगाया गया है, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उनके उतरने में दिक्कत हो रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल), अग्निशमन सेवाओं, नागरिक सुरक्षा, पुलिस और स्थानीय आपातकालीन प्रतिक्रिया बल के 300 से अधिक बचाव र्किमयों को बचाव और राहत अभियान में तैनात किया गया है। तलाशी और बचाव उपकरणों के साथ एनडीआरएफ के तीन अतिरिक्त दल मार्ग में हैं तथा खोज और बचाव अभियान के लिए डॉग स्क्वॉड को भी तैनात किया गया है।’’
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने दोनों सदनों में कहा, ‘‘आवश्यकता के आधार पर अतिरिक्त संसाधन भेजे जाएंगे। उच्चतम स्तर पर केंद्र सरकार द्वारा स्थिति की निगरानी की जा रही है। गृह मंत्रालय के दोनों नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और राज्य को हरसंभव मदद प्रदान की जा रही है।’’
राय ने कहा, ‘‘मैं सदन को आश्वस्त करना चाहता हूं कि केरल के भूस्खलन प्रभावित लोगों के बचाव के लिए मोदी सरकार राज्य सरकार को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।’’



