बीआरएस विधायक लस्या नंदिता की तेलंगाना में सड़क हादसे में मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 23 Feb 2024 07:43 PM
बीआरएस विधायक लस्या नंदिता की तेलंगाना में सड़क हादसे में मौत
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलंगाना में विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधायक जी. लस्या नंदिता की शुक्रवार को संगारेड्डी जिले के पाटनचेरू में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि नंदिता (36) जिस कार में यात्रा कर रही थीं वह शुक्रवार सुबह साढ.े पांच बजे आउटर रिंग रोड (ओआरआर) पर सड़क किनारे लगे धातु के अवरोधक से टकरा गई, जिसके चलते दुर्घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई.

उसने बताया कि इस हादसे में कार चालक के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है और एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा. पुलिस ने बताया कि हादसे में वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उन्हें संदेह है कि चालक को नींद आ रही होगी और वह वाहन कथित तौर पर तेज गति से चला रहा था. विधायक कार में अगली सीट पर बैठी थीं और सीट बेल्ट बांध रखी थी.

संगारेड्डी जिले के पुलिस अधीक्षक सी एच रुपेश ने कहा, ”यह एक सड़क दुर्घटना है. हम सभी पहलुओं की जांच करेंगे.” उन्होंने कहा कि फिलहाल, ऐसा लगता है कि यह चालक की गलती थी. इन खबरों के बारे में पूछे जाने पर कि विधायक की कार शुरू में एक लॉरी को टक्कर मारी होगी और इसके बाद अवरोधक से टकरा गई होगी, पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विस्तृत जांच जारी है.

सिकंदराबाद छावनी (एससी) से विधायक नंदिता को पुलिस हादसे के बाद एक अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. नंदिता पहली बार विधायक चुनी गई थीं. तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, बीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी और राज्य के कई मंत्रियों एवं नेताओं ने युवा विधायक की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया.

राजभवन से जारी एक शोक संदेश के अनुसार, राज्यपाल ने शोक संतप्त परिवार के साथ गहरी सहानुभूति और एकजटुता व्यक्त की है.
रेवंत रेड्डी ने लस्या नंदिता की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए उनके दिवंगत पिता जी. सयाना के साथ अपने करीबी संबंधों को याद किया. उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि सयाना का पिछले साल फरवरी में निधन हुआ था और इस साल उसी महीने में लस्या नंदिता की भी अचानक मृत्यु हो गई.

नंदिता के पिता सयाना बीआरएस विधायक थे. उनका पिछले साल फरवरी में खराब स्वास्थ्य के कारण निधन हो गया था. नंदिता ने बीआरएस के टिकट पर हाल में तेलंगाना विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी. बीआरएस अध्यक्ष चंद्रशेखर राव ने नंदिता की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया और कहा कि विधायक के रूप में लस्या नंदिता ने लोगों की सराहना हासिल की थी.

चन्द्रशेखर राव ने कहा कि बीआरएस पार्टी इस कठिन समय में उनके परिवार के सदस्यों के साथ खड़ी रहेगी. भाजपा नेता किशन रेड्डी ने कहा कि यह दुखद है कि लस्या नंदिता और उनके पिता की एक साल के भीतर मृत्यु हो गई. उन्होंने कहा कि लस्या नंदिता ने पहले ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) में पार्षद के रूप में सेवाएं दी थीं और उनका उज्ज्वल भविष्य था.

इस बीच, हैदराबाद के एक सरकारी अस्पताल में लस्या का पोस्टमार्टम किया गया और एक चिकित्सक ने बताया कि उनके सिर पर चोटें आई थीं. विधायक की अंत्येष्टि हैदराबाद में पूरे राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी. हादसे के सिलसिले में, भारतीय दंड संहिता की संबद्ध धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है. लस्या नंदिता इस साल 13 फरवरी को नलगोंडा में बीआरएस द्वारा आयोजित एक जनसभा में भाग लेने के बाद हैदराबाद लौटते समय एक दुर्घटना में बाल-बाल बच गई थीं. उस समय उन्हें मामूली चोटें आई थीं और एक होम गार्ड की मौत हो गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu