चार जून के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज करेंगे : नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Apr 2024 08:49 PM
चार जून के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज करेंगे : नड्डा
ऑडियो सुनें

रामनाथपुरम. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को तमिलनाडु में रामनाथपुरम जिले के परमकुडी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम के समर्थन में रोडशो किया. अन्नाद्रमुक से निष्कासित पन्नीरसेल्वम भाजपा नीत राजग के तहत निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में रामनाथपुरम से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं. तमिलनाडु में 19 अप्रैल को मतदान होगा.

राज्य में सत्तारूढ़ दल द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर कथित भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधते हुए नड्डा ने इस पार्टी के लोगों पर ‘बालू घोटाले’ में लिप्त होने का आरोप लगाया और कहा कि द्रमुक का मतलब – डी यानी डायनेस्टी (वंशवाद), एम यानी मनी स्विंडलिंग (पैसे की हेराफेरी) और के यानी कट्टापंचायत (कंगारू अदालत) है. उन्होंने कहा कि चार जून के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर देंगे तथा ”ये सभी लोग जेल में होंगे या जमानत पर होंगे.” देश में सात चरणों में लोकसभा चुनाव होने के बाद चार जून को मतगणना होगी.

नड्डा ने विशेष रूप से तैयार किये गये एक खुले वाहन में सवार होकर रोड शो किया. उन्होंने पन्नीरसेल्वम की तारीफ करते हुए उन्हें ऐसा ”वरिष्ठ नेता बताया जो अनुभवी एवं परिपक्व हैं तथा जिन्होंने तमिलनाडु की खातिर संघर्ष किया है.” भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी ने कोष आवंटन में इस दक्षिणी राज्य के साथ ‘विशेष उदारता’ बरती . उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ”तमिल संस्कृति एवं भाषा को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहुंचाया.” उन्होंने यह भी कहा कि राजग के पिछले एक दशक के शासनकाल में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में तेज छलांग लगायी है तथा 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर लाया गया है. बाद में नड्डा ने अन्य राजग प्रत्याशी परिवेंथार के समर्थन में दूसरा रोडशो किया. परिवेंथार पेराम्बूर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu