लोकतंत्र को विफल नहीं होने देंगे : हेमंत सोरेन ने जेल से भेजे संदेश में कहा

रांची. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जेल से भेजे एक संदेश में दावा किया कि भाजपा विपक्ष शासित राज्यों में सरकारें गिराने की कोशिश कर रही है लेकिन लोकतंत्र को विफल नहीं होने दिया जाएगा. हेमंत की पत्नी कल्पना सोरेन ने रविवार को यहां आयोजित एक विशाल रैली में उनका संदेश पढ.ा.

कल्पना ‘उलगुलान न्याय’ रैली को संबोधित कर रही थीं, जिसमें विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल 28 दलों के नेता शामिल हुए.
कल्पना ने आरोप लगाया, ”दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मेरे पति हेमंत सोरेन को चुनाव से ठीक पहले उन ताकतों ने जेल में डाल दिया, जो उनकी सरकारों के खिलाफ साजिश रच रही थीं.” हेमंत का संदेश पढ.ते हुए उन्होंने कहा, ”विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है, लेकिन भाजपा और ऐसी ताकतों को झारखंड से खदेड़ दिया जाएगा.” ईडी ने कथित भूमि धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में 31 जनवरी को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया था.

हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में कहा, ”उनके (भाजपा) 10 साल के कार्यकाल में आदिवासी समुदायों और उनके अधिसूचित क्षेत्रों पर उनकी सबसे बुरी नजर है. उदाहरण के तौर पर मणिपुर पिछले कई महीनों से जल रहा है. वहां आदिवासी बहू-बेटियों की गरिमा को तार-तार किया जा रहा है. पूरा देश देख रहा है लेकिन केंद्र चुप है. आज तक केंद्र सरकार ने कोई संज्ञान नहीं लिया है. क्या आदिवासियों के प्रति यही उनका प्रेम है?” इसमें कहा गया, ”यदि राजग मौजूदा चुनाव जीतती है, तो राज्य और देश के आदिवासियों के लिए एक बड़ा खतरा होगा. किसी भी कीमत पर झारखंड को बचाना ही देश को बचाना है.” कल्पना सोरेन के गांडेय विधानसभा सीट पर उपचुनाव लड़ने की संभावना है, जहां 20 मई को मतदान होगा.

Related Articles

Back to top button