राहुल ने सोनिया के साथ वीडियो जारी कर रायबरेली, अमेठी के साथ परिवार के रिश्तों का किया उल्लेख

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 14 May 2024 08:34 PM
राहुल ने सोनिया के साथ वीडियो जारी कर रायबरेली, अमेठी के साथ परिवार के रिश्तों का किया उल्लेख
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/रायबरेली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को अपनी मां सोनिया गांधी के साथ अपना एक वीडियो जारी कर रायबरेली एवं अमेठी से अपने परिवार की पुरानी यादों का उल्लेख किया और कहा कि इन दोनों संसदीय क्षेत्रों की जनता ने उनके परिवार को सब कुछ दिया है और लोग जब भी पुकारेंगे, वह वहां जाएंगे. सोनिया गांधी और राहुल गांधी छह मिनट 12 सेकेंड की अवधि वाले इस वीडियो में रायबरेली और अमेठी से जुड़ी इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की तस्वीरें वाले अलबम को पलटते और दोनों क्षेत्रों से पुराने रिश्तों के बारे में बात करते देखे जा सकते हैं.

राहुल गांधी ने यह वीडियो सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”रायबरेली और अमेठी हमारे लिए सिर्फ चुनाव क्षेत्र नहीं, हमारी कर्मभूमि है, जिसका कोना कोना पीढि.यों की यादें संजोए हुए है. मां के साथ पुरानी तस्वीरें देखकर पापा और दादी की याद भी आ गयी, जिनकी शुरू की गयी सेवा की परंपरा मैंने और मां ने आगे बढ.ाई.” उन्होंने कहा, ”प्रेम और विश्वास की बुनियाद पर खड़े 100 वर्षों से भी पुराने इस रिश्ते ने हमें सब कुछ दिया है. अमेठी और रायबरेली जब भी हमें पुकारेंगे, हम वहां मिलेंगे.” उनका कहना है कि वह रायबरेली में इंदिरा गांधी एवं सोनिया गांधी के कार्यों को आगे ले जाएंगे.

सोनिया गांधी इस वीडियो में रायबरेली और अमेठी के अपने कई दौरों और कार्यों का उल्लेख करते हुए कहती हैं कि इन दोनों क्षेत्रों के लोगों के साथ उनका रिश्ता बेटी-बहू वाला रहा है. राहुल गांधी पहली बार रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं. वह 2004 से 2019 तक अमेठी से लोकसभा सदस्य रहे. वर्तमान में वह केरल के वायनाड से सांसद हैं. अमेठी और रायबरेली में 20 मई को मतदान होना है.

रायबरेली से राहुल का चुनाव लड़ना ‘इंडिया’ गठबंधन का हौसला बढ़ाने वाला: पायलट

कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने मंगलवार को दावा किया कि राहुल गांधी का रायबरेली से चुनाव लड़ना ‘इंडिया’ गठबंधन का हौसला बढ़ाने वाला है तथा उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बड़े झटके का सामना करने जा रही है. पायलट ने ‘पीटीआई-भाषा’ को साक्षात्कार में यह भी कहा कि राहुल गांधी यहां रिकॉर्ड अंतर से जीतेंगे जो अब तक का सबसे बड़ा अंतर होगा. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ रायबरेली में भाजपा से दिनेश प्रताप सिंह चुनाव लड़ रहे हैं.

पायलट ने कहा कि अमेठी और रायबरेली की दो अलग तरह की लोकसभा सीटें हैं जहां मतदाता पूरी तरह से कांग्रेस समर्थक हैं और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि भाजपा किसे मैदान में उतारती है. उन्होंने कहा, ”राहुल जी का रायबरेली से चुनाव लड़ना न केवल पार्टी की मदद कर रहा है, बल्कि इससे इंडिया गठबंधन को भी मदद मिल रही है. उत्तर प्रदेश सबसे बड़ा राज्य है और भाजपा यहां बैकफुट पर रहेगी क्योंकि पिछली बार उन्हें बड़ा बहुमत मिला था.” कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी के यहां से चुनाव लड़ने से वो बदलाव होगा जो लोग देखना चाहते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu