मालीवाल मामले में अपने सहायक का इस्तीफा लें केजरीवाल या खुद पद छोड़ दें: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 15 May 2024 05:02 PM
मालीवाल मामले में अपने सहायक का इस्तीफा लें केजरीवाल या खुद पद छोड़ दें: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) की सांसद स्वाति मालीवाल के साथ कथित बदसलूकी मामले में बुधवार को दिल्ली की सत्ताधारी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की आलोचना की और मांग की कि या तो वह अपने सहायक बिभव कुमार का इस्तीफा लें या फिर वह खुद मुख्यमंत्री पद छोड़ दें.

भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाजिया इल्मी ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मालीवाल की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और केजरीवाल से सवाल किया कि क्या उन्हें ‘किसी तरह का समझौता’ करने के लिए धमकाया या दबाव डाला जा रहा है.
उन्होंने विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर भी निशाना साधा और कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ-साथ तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष सुप्रीमो ममता बनर्जी की कथित चुप्पी पर सवाल उठाया.

दिल्ली पुलिस के अनुसार मालीवाल सोमवार को सिविल लाइंस थाने पहुंची और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर केजरीवाल के एक निजी सहायक ने उनसे ‘मारपीट’ की. पुलिस को अभी तक इस घटना को लेकर कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है.

कथित घटना पर इल्मी ने कहा, ”यह स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर उनकी पिटाई की गई थी… मैं (आम आदमी पार्टी में) सभी को अच्छी तरह जानती हूं. यह असंभव है कि केजरीवाल का दाहिना हाथ (बिभव कुमार) केजरीवाल के आदेश के बिना ऐसा करेगा.” उन्होंने कहा, ”यह वास्तव में बहुत गंभीर है. अरविंद केजरीवाल को इस पर सफाई देनी चाहिए और अगर वह बिभव को इस्तीफा देने के लिए नहीं कह सकते हैं तो स्वयं इस्तीफा दे दें.”

उन्होंने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जरा सोचिए कि ‘सीएम साहब के शीश महल’ में महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुरक्षित नहीं हैं तो दिल्ली की महिलाएं इस ‘निकम्मी सरकार’ से क्या उम्मीद रख सकती हैं? भाजपा के महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घटना की जांच की मांग करते हुए बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास के पास प्रदर्शन किया.

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कथित घटना पर केजरीवाल की चुप्पी पर सवाल उठाया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा, ”यह एक महिला के सम्मान का मामला है जो दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख रह चुकी हैं. हम यहां उनका समर्थन करने के लिए हैं. आप नेता संजय सिंह ने इस घटना को स्वीकार किया है. केजरीवाल इसमें शामिल व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में शिकायत क्यों नहीं दर्ज करा रहे हैं?”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu