पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीट में से 32 पर जीत हासिल करेगी भाजपा: मुख्यमंत्री

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 16 May 2024 04:09 PM
पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीट में से 32 पर जीत हासिल करेगी भाजपा: मुख्यमंत्री
ऑडियो सुनें

अगरतला: त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीट में से 32 पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे पश्चिम बंगाल में पार्टी के प्रचार अभियान में शामिल होने का मौका मिला है। इस दौरान मैंने मतदाताओं में भाजपा के लिए काफी उत्साह देखा।

मुझे भरोसा है कि पार्टी 42 लोकसभा क्षेत्रों में से 32 पर जीत हासिल करेगी।’’ वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने 42 लोकसभा सीट में से 18 सीट जीती थीं। पश्चिम बंगाल में भाजपा का यह अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा था।

भाजपा की संभावनाओं पर साहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लिए 400 से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए काम कर रहे हैं। मैं पहले भी पश्चिम बंगाल का दौरा कर पार्टी के लिए प्रचार कर चुका हूं और प्रचार के लिए फिर पश्चिम बंगाल जाऊंगा। हमें विश्वास है कि भाजपा के नेतृत्व वाला राजग 400 से अधिक लोकसभा सीट (543 सीटों में से) जीतेगा।

मुख्यमंत्री लोकसभा चुनाव के अंतिम तीन चरणों के लिए पार्टी के प्रचार अभियान की खातिर दिन में कोलकाता रवाना होने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के इस दावे को खारिज कर दिया कि भाजपा 200 से कम सीटें हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि वे लोग केवल अपनी पार्टी के समर्थकों को एकजुट करने के लिए ऐसा कह रहे हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav