पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया, भाजपा को राजनीति नहीं करनी चाहिए: मालीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 16 May 2024 10:31 PM
पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया, भाजपा को राजनीति नहीं करनी चाहिए: मालीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने अपने साथ हुई कथित मारपीट के मामले को लेकर बृहस्पतिवार को चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज करा दिया है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को इस घटना पर राजनीति नहीं करनी चाहिए. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर इस कथित घटना के तीन दिन बाद उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिन उनके लिए बहुत कठिन रहे हैं. दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री केजरीवाल के करीबी सहयोगी बिभव कुमार द्वारा कथित मारपीट के मामले में बृहस्पतिवार को मालीवाल का बयान दर्ज किया.

मालीवाल ने ‘एक्स’ पर कहा, ”मेरे साथ जो हुआ, वह बहुत बुरा था. मेरे साथ हुई घटना पर मैंने पुलिस को अपना बयान दिया है. मुझे आशा है कि उचित कार्रवाई होगी. पिछले दिन मेरे लिए बहुत कठिन रहे हैं. जिन लोगों ने प्रार्थना की, उनका धन्यवाद करती हूं. जिन लोगों ने मेरा चरित्र हनन करने की कोशिश की और कहा कि मैं दूसरे पक्ष के कहने पर ऐसा कर रही हूं, भगवान उन्हें भी खुश रखे.” उन्होंने कहा कि देश में अहम चुनाव चल रहा है और स्वाति मालीवाल जरूरी नहीं है, देश के मुद्दे जरूरी हैं.

मालीवाल ने कहा, ”भाजपा के लोगों से विशेष आग्रह है कि इस घटना पर राजनीति न करें.” एक अधिकारी के अनुसार मालीवाल ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई घटना के बारे में पुलिस को बताया. अधिकारी ने बताया कि मालीवाल का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस मामले के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर सकती है.

दिल्ली पुलिस ने मालीवाल से ‘मारपीट’ के मामले में केजरीवाल के सहयोगी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की

दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल से कथित ‘मारपीट’ के संबंध में बृहस्पतिवार को एक प्राथमिकी दर्ज की और उनके निजी सहायक विभव कुमार को आरोपी बनाया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि यह प्राथमिकी महिलाओं के खिलाफ हिंसा के अपराध से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत दर्ज की गई. मालीवाल द्वारा कई पन्नों की शिकायत दर्ज कराने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu