अमेरिका की यात्रा के दौरान मुझसे मुलाकात करेंगे प्रधानमंत्री मोदी : ट्रंप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Sep 2024 07:26 PM
अमेरिका की यात्रा के दौरान मुझसे मुलाकात करेंगे प्रधानमंत्री मोदी : ट्रंप
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन/न्यूयॉर्क. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले सप्ताह अपनी तीन दिवसीय अमेरिका यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात करेंगे. रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी ट्रंप ने आयात शुल्क का ”दुरुपयोग” करने के लिए भारत की आलोचना की लेकिन उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को एक ”शानदार व्यक्ति” बताया. प्रधानमंत्री मोदी 21 से 23 सितंबर तक अमेरिका की यात्रा करेंगे. हाल में हत्या के प्रयास के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आए ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि मोदी अगले सप्ताह अमेरिका में उनसे मुलाकात करेंगे.

उन्होंने दोहराया कि भारत आयात पर भारी शुल्क लगाता है. उन्होंने कहा, ”भारत बहुत ज्यादा दुरुपयोग करता है. वह (मोदी) अगले सप्ताह मुझसे मिलने वाले हैं और मोदी शानदार हैं. मेरा मतलब है कि वह शानदार व्यक्ति हैं. कई नेता शानदार हैं.” पूर्व राष्ट्रपति ने मिशिगन के फ्लिंट में एक सभा में एक सवाल का जवाब देते हुए व्यापार और कर के बारे में बात करते हुए यह टिप्पणी की.
ट्रंप ने कहा, ”ये बहुत चतुर लोग हैं… आप जानते हैं, वे अपने खेल में माहिर हैं और वे इसका इस्तेमाल हमारे खिलाफ करते हैं. भारत बहुत सख्त है. ब्राजील बहुत सख्त है… चीन सबसे सख्त है, लेकिन हम शुल्क के मामले में चीन पर नजर रख रहे हैं.”

उन्होंने कहा, ”इसलिए, हम पारस्परिक व्यापार करने जा रहे हैं. अगर कोई हम पर 10 सेंट लगाता है, अगर कोई हम पर दो डॉलर लगाता है, अगर कोई हम पर 100 फीसदी शुल्क लगाता है तो हम भी उस पर उतना लगाते हैं. और यह होने वाला है?” ट्रंप की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर नयी दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने जवाब देने से इनकार कर दिया.

प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा की शुरुआत ‘क्वाड नेताओं’ के शिखर सम्मेलन के साथ होगी. डेलावेयर के विलमिंगटन में राष्ट्रपति जो बाइडन इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे. शिखर सम्मेलन में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा भी शामिल होंगे.

मोदी इसके बाद न्यूयॉर्क जाएंगे और 22 सितंबर को लॉन्ग आईलैंड में एक विशाल सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे. इसके अगले दिन वह संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक शिखर सम्मेलन में दुनिया के नेताओं को संबोधित करेंगे. अमेरिका में दो महीने से भी कम समय में राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं और ट्रंप तथा डेमोक्रेटिक पार्टी की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस के बीच कड़ा मुकाबला है. अमेरिका में आम चुनाव पांच नवंबर को होंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu