भाजपा ने राहुल गांधी की टिप्पणियों के लिए उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Sep 2024 10:37 PM
भाजपा ने राहुल गांधी की टिप्पणियों के लिए उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने सिखों और आरक्षण को लेकर अमेरिका में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों के लिए बृहस्पतिवार को उनके खिलाफ पुलिस में तीन शिकायत दर्ज कराईं. पार्टी ने अमेरिका की हाल की यात्रा के दौरान गांधी के आरक्षण और भारत में सिखों की स्थिति पर उनकी ”विभाजनकारी और भड़काऊ टिप्पणियों” के लिए ये शिकायतें दर्ज कराई.

यह घटनाक्रम सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विवादित बयानों को लेकर कांग्रेस द्वारा बुधवार को तुगलक रोड पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के एक दिन बाद हुआ है.
कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि राजग नेताओं के बयानों का उद्देश्य गांधी की सुरक्षा को खतरे में डालना और पूरे देश में शांति भंग करना है, खासकर जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर. भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली भाजपा के सिख प्रकोष्ठ, एससी मोर्चा और एसटी मोर्चा ने गांधी के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में शिकायतें दर्ज कराई हैं.

सचदेवा ने कहा, ”अमेरिका में राहुल गांधी के सिखों के बारे में दिए गए बयान से देश में समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं जबकि आरक्षण संबंधी उनकी टिप्पणी से अनुसूचित जातियां नाराज हैं.” दिल्ली भाजपा के सिख प्रकोष्ठ के चरणजीत सिंह लवली द्वारा गांधी के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भारत में सिखों की ”कथित” स्थिति के बारे में कांग्रेस नेता की टिप्पणियों ने ”भारत में सिखों के बीच अलगाववाद की भावना को बढ़ावा दिया है.” सचदेवा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक अन्य नेता अरविंदर सिंह लवली ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता के महत्वपूर्ण पद पर रहने के बावजूद गांधी के बयान, चाहे वे भारत में हों या विदेश में, ”सामाजिक वैमनस्य को भड़काने वाले” हैं. लवली मई में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हो गये थे.

लवली ने कहा, ”यह वह कांग्रेस नहीं है जिसे मैं जानता था, क्योंकि कांग्रेस हमेशा दावा करती रही है कि वह जाति-आधारित राजनीति से ऊपर उठती है. हालांकि, राहुल गांधी के बयान देश को बांटने की साजिश का हिस्सा हैं, जो एक तरह से राष्ट्र विरोधी गतिविधि है जिसे भारत के लोग कभी माफ नहीं करेंगे.” भाजपा नेताओं ने एक बयान में कहा कि अमेरिका में गांधी के बयानों से न केवल सिख समुदाय में बल्कि भारत में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति समुदायों (एसटी) में भी ”चिंता” पैदा हुई है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता की टिप्पणियों से विदेशों में भी भारत की छवि खराब हुई है.

सचदेवा ने कहा कि उनकी टिप्पणी ने सिखों को ”ठेस” पहुंचाई है. उन्होंने कहा कि चरणजीत सिंह लवली ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत तिलक नगर पुलिस थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा के एससी मोर्चा और एसटी मोर्चा के संयोजकों ने भी आरक्षण संबंधी टिप्पणी के लिए गांधी के खिलाफ क्रमश: पार्लियामेंट स्ट्रीट और पंजाबी बाग पुलिस थानों में शिकायत दर्ज कराई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu