नवभारत ब्यूरो
गुवाहाटी। नगांव लोकसभा क्षेत्र में मंगलवार को होने वाले उपचुनाव के लिए मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव प्रचार रविवार शाम समाप्त होने के बाद अब 19 लाख से अधिक मतदाता 15 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला ईवीएम में दर्ज करेंगे। मतदान के लिए चुनाव अधिकारी और कर्मचारी सोमवार को अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए हैं।
नगांव लोकसभा क्षेत्र में कुल 19,07,209 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इनमें करीब 9.43 लाख महिलाएं और 50 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,339 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यह लोकसभा क्षेत्र आठ विधानसभा क्षेत्रों—नगांव जिले के पांच तथा मोरिगांव जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों—में फैला हुआ है।
15 प्रत्याशी मैदान में :
नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगांव उपचुनाव में 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें प्रमुख रूप से भाजपा के देवाशीष शर्मा, कांग्रेस की शिवामणि बोरा और एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और नौ निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव आयोग की प्रकाशित सूची के अनुसार तीन प्रमुख दलों के अलावा रिवोल्यूशनरी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (रसिक भट्ट), सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) और द नेशनल रोड मैप पार्टी ऑफ इंडिया के प्रत्याशी भी मैदान में हैं।
1,339 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग :
प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्था की है। मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। सूबे के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनुराग गोयल ने पिछले दिनों नगांव पहुंचकर मतदान केंद्रों, स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की थी। अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नगांव शहर के गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी बॉयज स्कूल और डॉसन हायर सेकेंडरी एवं मल्टीपर्पज स्कूल में स्ट्रांग रूम तथा मतगणना से संबंधित व्यवस्थाएं की गई हैं। इन स्थानों पर सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी की भी व्यवस्था की गई है।
त्रिकोणीय मुकाबले पर नजर :
उपचुनाव में भाजपा, कांग्रेस और एआईयूडीएफ के बीच मुकाबले पर विशेष नजर है। भाजपा ने पूर्व आईएएस अधिकारी देवाशीष शर्मा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व विधायक शिवामणि बोरा और एआईयूडीएफ ने अपने प्रमुख बदरुद्दीन अजमल को मैदान में उतारा है। चुनाव प्रचार के दौरान विकास, सरकारी योजनाओं, नागरिकता और स्थानीय मुद्दों सहित विभिन्न विषयों पर राजनीतिक दलों ने मतदाताओं से समर्थन मांगा।
यह उपचुनाव पूर्व सांसद प्रद्युत बरदलै के लोकसभा से इस्तीफा देने के बाद आवश्यक हुआ। मंगलवार को मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना 9 अक्टूबर को निर्धारित है।
अब मंगलवार को ईवीएम में दर्ज होने वाले मत यह तय करेंगे कि नगांव लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कौन करेगा।