गुवाहाटी में जन्म के पहले दिन से ही जिंदगी की जंग लड़ रहे सात सप्ताह के एशियाई हाथी के बच्चे ‘राजा’ को आपातकालीन अस्पताल उपचार के लिए असम के पोहुमारा से गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा एयरलिफ्ट किया जा रहा है। पिछले सात सप्ताह से वनतारा की पशु चिकित्सा टीम राजा के मालिक के घर पर ही उसका इलाज कर रही थी।
अब राजा की हालत ऐसी स्थिति में पहुंच गई है जहां सघन अस्पताल देखभाल ही उसके ठीक होने की एकमात्र वास्तविक उम्मीद है। इतने छोटे और बेहद नाजुक हाथी के बच्चे के लिए 2,500 किलोमीटर से अधिक का सफर सड़क मार्ग से तय करना संभव नहीं था।
वनतारा के संस्थापक अनंत अंबानी की पहल से भारत में इस तरह का यह तीसरा एयरलिफ्ट संभव हो पाया है। उन्होंने राजा को तेजी और सुरक्षित तरीके से विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा तक पहुंचाने के लिए यह कदम उठाया है।
वनतारा के सीईओ विवान करानी ने कहा कि राजा इस दुनिया में टूटे हुए पैर के साथ आया, लेकिन उसका हौसला कभी नहीं टूटा। उन्होंने कहा कि सात सप्ताह तक उसने अपने नन्हे शरीर से कहीं बड़े साहस के साथ संघर्ष किया है और अब उसे संभालने की बारी हमारी है।
विवान करानी ने आगे कहा कि श्री अनंत अंबानी की करुणा और सहयोग से सड़क मार्ग में कई दिन लेने वाला सफर अब हवा के जरिए कुछ ही घंटों में पूरा होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वनतारा में राजा को खड़े होने, चलने और एक दिन दौड़ने का हर संभव अवसर दिया जाएगा।
संघर्ष भरी रही जीवन की शुरुआत
राजा का जन्म 2 अक्टूबर 2026 को असम के गोगामुख में हुआ था। उसकी मां खुद महज 11 वर्ष की है, जो कम उम्र और अनुभवहीन थी। प्रसव के बाद घबराई और बेचैन मां ने अपने नवजात को लात मार दी, जिससे जन्म के पहले ही दिन राजा के दाहिने पिछले पैर की जांघ की बड़ी हड्डी यानी फीमर में पूर्ण फ्रैक्चर हो गया।
जिस उम्र में हाथी के बच्चे को अपनी मां के पास खड़े होकर पहला लड़खड़ाता कदम बढ़ाना चाहिए था, उस उम्र में राजा न तो खड़ा हो सका और न ही अपने पैरों पर वजन डाल सका। वह अपनी मां का कोलोस्ट्रम और दूध भी नहीं पी सका, जो किसी भी नवजात हाथी को रोग प्रतिरोधक क्षमता और ताकत देने वाला पहला पोषण होता है।
घर पर सात सप्ताह तक चला इलाज
राजा की गंभीर स्थिति और विशेष देखभाल की जरूरत को समझते हुए उसके मालिक और देखभाल करने वालों ने वनतारा से मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही वनतारा की रैपिड रिस्पॉन्स टीम 8 अक्टूबर 2026 को उस तक पहुंच गई।
एक्स-रे जांच में ‘कम्प्लीट ओवरराइडिंग फ्रैक्चर’ की पुष्टि हुई, जिसका अर्थ है कि टूटी हुई हड्डी के दोनों सिरे एक-दूसरे के ऊपर खिसककर अपनी जगह से हट गए थे। टीम ने प्लास्टर कास्ट और सहायक पट्टियों की मदद से उसके पैर को स्थिर किया और चोटिल पैर से दबाव हटाने व उसे खड़े होने में मदद करने के लिए स्लिंग का इस्तेमाल किया। साथ ही, उसे विशेष रूप से तैयार मिल्क रिप्लेसमेंट, फीडिंग बोतलें और देखभाल करने वालों को जरूरी मार्गदर्शन दिया गया।
10 अक्टूबर को राजा को पोहुमारा स्थित उसके मालिक के आवास पर ले जाया गया, जहां वनतारा की टीम ने उसका इलाज, नर्सिंग और चौबीसों घंटे निगरानी जारी रखी। उसके आराम करने की जगह के पास ही एक हाइड्रोथेरेपी तालाब बनाया गया, ताकि टूटी हुई हड्डी पर वजन डाले बिना वह हिल-डुल सके और उसका शरीर मजबूत हो सके।
अस्पताल में भर्ती करना क्यों हुआ जरूरी
मां का दूध न मिल पाने और स्वतंत्र रूप से चल-फिर न सकने के कारण राजा एक के बाद एक स्वास्थ्य जटिलताओं का शिकार होता गया। उसे दस्त की शिकायत हुई और प्रयोगशाला जांच में ‘क्लेबसिएला न्यूमोनिया’ नामक बैक्टीरियल संक्रमण पाया गया। इसके अलावा उसे बार-बार ब्लड शुगर कम होने की समस्या भी झेलनी पड़ी।