मिस यूनिवर्स वियतनाम 2026 का ताज मिलने के 2 महीने से भी कम समय में उनसे यह खिताब छीन लिया गया।
विगत 2 अक्टूबर को मिस यूनिवर्स वियतनाम ने गुयेन क्विन अन्ह को 2026 की विजेता घोषित किया था, लेकिन एक ग्रुप चैट लीक होने के बाद हुए विवाद के चलते उनसे यह खिताब वापस ले लिया गया। मिस यूनिवर्स वियतनाम के रूप में गुयेन क्विन अन्ह का कार्यकाल आधिकारिक तौर पर समाप्त हो गया है।
अक्टूबर में उन्हें तब सस्पेंड कर दिया गया था, जब अन्य प्रतिभागियों के बारे में नकारात्मक बातें करने वाले उनके निजी मैसेज सार्वजनिक हो गए थे। अब, सस्पेंशन के दौरान गुयेन के बर्ताव को देखते हुए आयोजकों ने उनसे यह खिताब छीन लिया है।
दरअसल शो के आयोजक ‘फाइव6 एंटरटेनमेंट’ ने 18 नवंबर को एक बयान जारी कर बताया कि यह सब तब हुआ, जब गुयेन को 6 महीने के लिए मिस यूनिवर्स से जुड़ी सभी “कलात्मक प्रस्तुतियों” (परफॉरमेंस) में हिस्सा लेने से रोक दिया गया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ग्रुप चैट में पिछली विजेताओं, अन्य प्रतिभागियों और जजों के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं। इस चैट में रनर-अप त्रिन्ह माई अन्ह भी शामिल थीं। इसके चलते मॉडल को सस्पेंड करने के साथ-साथ जुर्माना भरने का भी आदेश दिया गया था।
जब यह इन्फ्लुएंसर पेजेंट का प्रतिनिधित्व करने पर लगी रोक के बावजूद एक कम्युनिटी इवेंट में शामिल हुईं, तो प्रोडक्शन कंपनी ने कहा कि उनके वहां जाने से ऐसी समस्याएं पैदा हुईं, “जिससे मिस यूनिवर्स वियतनाम और इसके आयोजकों की छवि पर बुरा असर पड़ा।”
मिस यूनिवर्स ने धोखाधड़ी से विजेता बनने की सफाई दी
आयोजकों ने बताया कि सस्पेंशन के दौरान अपने खिताब का प्रचार करने के अलावा, 27 वर्षीय गुयेन ने अपने मैनेजमेंट कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर करने में भी देरी की। उन्होंने इसके लिए “मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या” का हवाला दिया था। इसके बावजूद, आयोजक टीम को पता चला कि गुयेन ने एक प्रतिस्पर्धी मैनेजमेंट एजेंसी के साथ एक्सक्लूसिव कॉन्ट्रैक्ट साइन कर लिया है। साथ ही, उन्होंने ‘फाइव6’ के साथ कोई समझौता किए बिना ही अलग-अलग इवेंट्स में हिस्सा लेना और परफॉर्म करना जारी रखा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, क्राउन (ताज) रखने की शर्तों की समीक्षा करने के बाद, उनका खिताब आधिकारिक तौर पर वापस ले लिया गया है। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के चलते, वियतनाम 24 नवंबर को प्यूर्टो रिको में होने वाले मिस यूनिवर्स के वैश्विक फाइनल में अपनी कोई प्रतियोगी नहीं भेजेगा।