KBC 18 First Crorepati: दिहाड़ी मजदूर के बेटे भूषण ठाकरे ने जीते 1 करोड़, अमिताभ बच्चन ने गले लगाकर दी बधाई

जलगांव के UPSC स्टूडेंट ने 1 करोड़ का सवाल जीतकर साबित किया कि मेहनत का फल जरूर मिलता है, अब सबकी नजर 7 करोड़ के सवाल पर।
Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 21 Nov 2026 04:46 PM
KBC 18 First Crorepati: दिहाड़ी मजदूर के बेटे भूषण ठाकरे ने जीते 1 करोड़, अमिताभ बच्चन ने गले लगाकर दी बधाई
ऑडियो सुनें

KBC 18 First Crorepati: अमिताभ बच्चन के पॉपुलर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सीजन 18 को अपना पहला करोड़पति मिल गया है। जलगांव के रहने वाले UPSC स्टूडेंट भूषण ठाकरे ने 1 करोड़ रुपये जीतकर इतिहास रच दिया है। एक दिहाड़ी मजदूर के बेटे की यह कामयाबी लोगों के लिए प्रेरणा बन गई है।

KBC को मिला पहला करोड़पति

सोनी टीवी ने शो का नया प्रोमो वीडियो शेयर किया है। इसमें भूषण 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देते नजर आ रहे हैं। जवाब सही होते ही अमिताभ बच्चन खुशी से खड़े हो गए और भूषण को गले लगाकर बधाई दी। भूषण इस सीजन में करोड़पति बनने वाले पहले कंटेस्टेंट हैं।

संघर्ष भरी है भूषण की कहानी

भूषण ने हॉट सीट पर अपने माता-पिता के संघर्ष का जिक्र किया। उनके पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं, जबकि मां की सेहत ठीक नहीं रहती और उन्हें कई सर्जरी से गुजरना पड़ा है। भूषण का कहना है कि माता-पिता की कुर्बानियां उनके लिए हमेशा प्रेरणा रही हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले डेढ़ साल से घर नहीं जा पाए हैं और UPSC की तैयारी में जुटे हैं।

भावुक हुए भूषण

अमिताभ बच्चन से बात करते हुए भूषण भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने बहुत मेहनत करके उन्हें पढ़ाया है और वे अपने लिए उनकी आंखों में गर्व देखना चाहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक भूषण कभी सिर्फ 24 रुपये लेकर मुंबई पहुंचे थे। आज उनकी कहानी उन सभी युवाओं के लिए मिसाल है जो सीमित संसाधनों में बड़े सपने देखते हैं।

क्या जीत पाएंगे 7 करोड़?

प्रोमो में आगे दिखाया गया है कि अमिताभ बच्चन भूषण से 7 करोड़ रुपये का सवाल पूछते हैं। भूषण इस सवाल का सही जवाब देकर एक और इतिहास रच पाते हैं या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा। इसके लिए दर्शकों को शो के अगले एपिसोड का इंतजार करना होगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news