कांग्रेस को जम्मू-कश्मीर में शांति पसंद नहीं, वे अनुच्छेद 370 को वापस लाना चाहते हैं: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 Sep 2024 09:46 PM
कांग्रेस को जम्मू-कश्मीर में शांति पसंद नहीं, वे अनुच्छेद 370 को वापस लाना चाहते हैं: मोदी
ऑडियो सुनें

सोनीपत. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जम्मू-कश्मीर में शांति पसंद नहीं करते तथा वे अनुच्छेद 370 को वापस लाना चाहते हैं. मोदी ने सोनीपत जिले के गोहाना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को वापस लाना जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लड़ने वाले बहादुरों के बलिदान का अपमान होगा. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा की राज्य इकाई के अन्य नेता भी रैली में मौजूद थे.
हरियाणा में पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी.

जम्मू-कश्मीर का उल्लेख करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा. कांग्रेस केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) में नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है. जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के तीन चरणों में से दो चरण का मतदान समाप्त हो चुका है. जम्मू-कश्मीर चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल वहां शांति पसंद नहीं करते और हरियाणा के कई बहादुर सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इनमें से कई लोग राज्य से हैं जिन्होंने जम्मू-कश्मीर में स्थिति सामान्य बनाने में मदद की.

उन्होंने कहा कि जब जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव होते हैं तो हरियाणा की बहादुर माताएं खुश होती हैं. उन्होंने कहा, ”लेकिन कांग्रेस और उनके सहयोगियों को जम्मू-कश्मीर में शांति पसंद नहीं है. कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को वापस लाना चाहती है. वह वहां फिर से आतंकवाद और अलगाववाद को बढ़ावा देना चाहती है.” मोदी ने कहा, ”तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस देश के दुश्मन के एजेंडे को भारत में लागू करना चाहती है. मुझे पूरा विश्वास है कि आप कांग्रेस को सबक सिखाएंगे.” प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के तहत हरियाणा ने उद्योग और कृषि क्षेत्र में शीर्ष राज्यों में स्थान बनाया है. उन्होंने कहा, ”आज दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत में कारखाने स्थापित करने में रुचि रखती हैं.” उन्होंने कहा, ”जब औद्योगिकीकरण को बढ़ावा मिलता है तो इसका सबसे बड़ा लाभ गरीबों, किसानों और दलितों को मिलता है.” उन्होंने कहा कि जब बड़ी कंपनियां निवेश करेंगी तो इसका लाभ हरियाणा के युवाओं और राज्य के किसानों को मिलेगा.

मोदी ने कहा कि गुरुग्राम से फरीदाबाद और सोनीपत से पानीपत तक हरियाणा दुनिया की बड़ी कंपनियों का केंद्र बन रहा है. उन्होंने कहा कि देश से निर्यात होने वाले 35 प्रतिशत से अधिक कालीन और 20 प्रतिशत कपड़े हरियाणा में निर्मित होते हैं. उन्होंने कहा कि खरखौदा में औद्योगिक नगरी स्थापित की जा रही है और इसका उद्देश्य युवाओं को अधिकतम रोजगार और नौकरियां सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि राज्य में अन्य स्थानों पर भी ऐसे कई औद्योगिक शहर स्थापित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि मारुति की इकाई भी स्थापित हो रही है तथा कई और इकाइयां स्थापित होंगी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि तीन साल में विनिर्माण क्षेत्र से जुड़े लाखों नए रोजगार सृजित हुए हैं. उन्होंने कहा कि लोग नई इकाइयां स्थापित करने और नया निवेश करने के लिए आ रहे हैं, हरियाणा को एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो उद्योग को बढ़ावा दे. उन्होंने लोगों से भाजपा को फिर से सत्ता में लाने की अपील की. सोनीपत क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस भूमि ने भगत फूल सिंह जैसे महापुरुष दिए, जिन्होंने बालिका शिक्षा को अपना मिशन बनाया था.

मोदी ने कहा, ”यह मेरा सौभाग्य है कि 2015 में मुझे पानीपत से ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान शुरू करने का अवसर मिला.” चुनावी राज्य हरियाणा का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि 10 साल पहले, वहां प्रति 1,000 लड़कों पर 866 लड़कियां थीं, जो अब प्रति 1,000 लड़कों पर 914 लड़कियां हैं.

उन्होंने कहा, ”आज हरियाणा की बेटियां खेल, पुलिस और सशस्त्र बलों में अपनी योग्यता साबित कर रही हैं.” मोदी ने हाल में संपन्न ओलंपिक और पैरालम्पिक में खिलाड़ियों द्वारा जीते गए पदकों का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा देश की मेडल फैक्टरी है.
उन्होंने कहा कि हरियाणा में ओलंपिक नर्सरियां स्थापित की जाएंगी. उन्होंने कहा, ”मैं गर्व के साथ कह रहा हूं कि आज मैं जो कुछ भी हूं, उसमें हरियाणा का बहुत बड़ा योगदान है.” इस मौके पर मोदी ने हाल में जारी भाजपा के हरियाणा चुनाव घोषणापत्र के बारे में भी बात की, जिसमें पार्टी ने सत्ता में आने पर महिलाओं को 2,100 रुपये मासिक सहायता देने समेत कई वादे किए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu