Singapore Visit: छत्तीसगढ़ को ₹43,600 करोड़ के FDI प्रस्ताव, एग्रो प्रोसेसिंग में ₹350 करोड़ का निवेश

कौशल विकास के लिए ITE Education Services से एमओयू, Valency International बनाएगी एग्रो-फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब
Author: www.navabharat.news
UPDATED: Tue, 06 Oct 2026 07:49 PM
Singapore Visit: छत्तीसगढ़ को ₹43,600 करोड़ के FDI प्रस्ताव, एग्रो प्रोसेसिंग में ₹350 करोड़ का निवेश
ऑडियो सुनें

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ को निवेश और कौशल विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां मिलीं। सिंगापुर की ITE Education Services के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए समझौता हुआ। वहीं Valency International ने छत्तीसगढ़ में एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करने के लिए ₹350 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है।

इस निवेश प्रस्ताव के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले एफडीआई निवेश प्रस्तावों की कुल राशि ₹43,600 करोड़ हो गई है।

उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services के बीच हुए एमओयू का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री साय और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का दौरा कर वहां के उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल की जानकारी ली।

सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण देने और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह के मॉडल का उपयोग कर उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम, प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण और रोजगार आधारित स्किलिंग को बढ़ावा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण मिले और प्रदेश में आने वाले उद्योगों को स्थानीय स्तर पर ही कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो।

एग्रो और फूड प्रोसेसिंग में ₹350 करोड़ का निवेश

मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर की Valency International Pte Ltd को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। 22 देशों में कारोबार करने वाली कंपनी प्रदेश में एकीकृत एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करेगी।

प्रस्तावित हब में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली जैसी कृषि उपज की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे किसानों की उपज का प्रदेश में ही मूल्य संवर्धन होगा। साथ ही किसानों को नए बाजार मिलेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

सिंगापुर के विदेश मंत्री से मुलाकात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की। दोनों के बीच छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

15 से अधिक वैश्विक कंपनियों से निवेश पर चर्चा

सीईओ राउंडटेबल में मुख्यमंत्री साय ने 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की। इनमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua जैसी कंपनियां शामिल थीं।

बैठक में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों और कारोबारी माहौल की जानकारी दी।

AI और डिजिटल फाइनेंस में युवाओं की स्किलिंग पर जोर

मुख्यमंत्री ने Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। बैठक में छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने, प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा के दौरान हुए समझौतों और निवेश चर्चाओं से छत्तीसगढ़ में निवेश, रोजगार, कौशल विकास, एग्री प्रोसेसिंग, AI और वैश्विक साझेदारी के नए अवसर खुलने की उम्मीद है। प्रतिनिधिमंडल 7 अक्टूबर को रायपुर लौटेगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news