झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन अस्पताल में भर्ती

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 06 Oct 2024 07:19 PM
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन अस्पताल में भर्ती

ऑडियो सुनें

रांची. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को रक्त शर्करा संबंधी जटिलताओं के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे बजे उन्हें जमशेदपुर के टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया. पूर्व मुख्यमंत्री के एक करीबी सहयोगी ने बताया कि रक्त शर्करा कम होने और चक्कर आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर है .

अस्पताल के महाप्रबंधक डॉ. सुधीर राय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”सोरेन की हालत स्थिर है और उसमें सुधार हो रहा है.” सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सोरेन ने कहा कि उनके बारे में चिंता करने की कोई बात नहीं है. उन्होंने लिखा, ”स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण मैं आज वीर भूमि भोगनाडीह में आयोजित होने वाले ‘मांझी परगना महासम्मेलन’ में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए शामिल होऊंगा. चिकित्सकों के अनुसार चिंता की कोई बात नहीं है. मैं जल्द ही पूरी तरह से ठीक हो जाऊंगा और आप सभी के बीच वापस आऊंगा.” चंपई सोरेन (67) अगस्त में भाजपा में शामिल हुए थे और उन्होंने झामुमो में ‘अपमान’ एवं ‘अनादर’ करने का आरोप लगाया था.

हेमंत सोरेन के इस्तीफे और धन शोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी के बाद चंपई सोरेन को दो फरवरी को प्रदेश का मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था. इसके बाद, उन्होंने तीन जुलाई को मुख्यमंत्री का पद छोड़ दिया था, जिससे जमानत मिलने के बाद हेमंत सोरेन की मुख्यमंत्री पद पर वापसी का रास्ता साफ हो गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu