बलरामपुर दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई आठ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Nov 2024 07:01 PM
बलरामपुर दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई आठ

ऑडियो सुनें

बलरामपुर. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक ‘स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन’ (एसयूवी) के तालाब में गिर जाने की घटना में दो और लोगों की मौत हो गई जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शनिवार देर रात दुर्घटना स्थल से एक और शव बरामद किया गया और वाहन के चालक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया.

पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि राजपुर थाना क्षेत्र के बूढ़ा बगीचा मुख्य मार्ग पर स्थित लडुआ मोड़ पर शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक एसयूवी के तालाब में गिरने से उसमें सवार एक महिला और एक बच्ची समेत छह लोगों की मौत हो गई थी. अधिकारी ने बताया कि बलरामपुर जिले के लरिमा गांव के निवासी वाहन में सवार होकर पड़ोसी सूरजपुर जिला जा रहे थे. उन्होंने बताया कि कार जब लडुआ मोड़ के करीब पहुंची तभी वह अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची.

अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में तालाब से छह शव निकाले गए, जबकि चालक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया.
उन्होंने बताया कि बाद में एक और शव बरामद किया गया तथा चालक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. अधिकारी ने बताया कि एसयूवी को भी मशीन की मदद से तालाब से बाहर निकाल लिया गया है. उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान संजय मुंडा (35), उनकी पत्नी चंद्रवती (35), उनकी बेटी कीर्ति (आठ), उनके पड़ोसी मंगल दास (19), भूपेंद्र मुंडा (18), बालेश्वर (18) और उदयनाथ (20) तथा चालक मुकेश दास (26) के रूप में हुई है.

By Yogesh Kumar Sahu