जयपुर. कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत सरकार को बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा का मुद्दा राजनयिक तरीके से उठाना चाहिए. उन्होंने कहा कि हिंसा और किसी को निशाना बनाकर हमला किया जाना सहन नहीं किया जा सकता.
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सत्तारूढ. सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में सत्ता के कई केंद्र बन गए हैं और जनता का उससे मोहभंग हो चुका है. पायलट ने अपने विधानसभा क्षेत्र टोंक में लोगों से मुलाकात की.
वह बुधवार रात पार्टी के एक कार्यकर्ता के घर पर रुके और उनके साथ भोजन किया.
उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार के मुद्दे पर संवाददाताओं से कहा, “किसी भी देश में हिंसा होना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. जब लोगों को निशाना बनाकर मारा जाता है या उन पर जानबूझकर आक्रमण किया जाता है तो उसे कोई स्वीकार नहीं कर सकता है. अगर वहां पर हिंदुओं पर हमले हो रहे हैं तो भारत सरकार को निश्चित रूप से यह मुद्दा उठाना चाहिए.” पायलट ने कहा, “हम किसी भी देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहते. हम भी चाहते हैं कि कोई हमारे मामलों में हस्तक्षेप न करे लेकिन अगर हमारे पास की सीमा पर इस तरह की घटनाएं होती हैं तो हम लोगों को बड़ा दुख होता है. राजनयिक तरीके से बात उठाकर सरकार को सचेत करना पड़ेगा कि अगर ऐसे मारामारी होगी तो गलत संकेत जाता है.” उन्होंने हमलों की निंदा की और कहा कि इसे तत्काल प्रभाव से रोका जाना चाहिए.