‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों ने सत्तापक्ष के नेताओं को तिरंगा और गुलाब का फूल देकर किया विरोध प्रदर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 Dec 2024 06:51 PM
‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों ने सत्तापक्ष के नेताओं को तिरंगा और गुलाब का फूल देकर किया विरोध प्रदर्शन

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के कई घटक दलों के सांसदों ने अदाणी समूह से जुड़े मुद्दे पर बुधवार को संसद परिसर में अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया और सत्तापक्ष के सदस्यों को तिरंगा एवं गुलाब का फूल भेंट किया. कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कुछ अन्य दलों के सांसद संसद भवन के ‘मकर द्वार’ के निकट एकत्र हुए थे और उनके हाथ में तिरंगा और गुलाब का फूल था.

उन्होंने मकर द्वार से संसद भवन में प्रवेश करने वाले भाजपा और सहयोगी दलों के सांसदों को तिरंगा और गुलाब का फूल भेंट किया तथा कहा कि ‘देश मत बिकने दें.” नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भी तिरंगा भेंट करने का प्रयास किया, हालांकि वह मुस्कराते हुए आगे बढ. गए. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं. विपक्षी सांसदों ने मंगलवार को नीले रंग के झोले के साथ विरोध प्रदर्शन किया था.

रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के आरोपों में अदाणी समूह के प्रमुख गौतम अदाणी और कंपनी के अन्य अधिकारियों पर अमेरिकी अभियोजकों द्वारा अभियोग लगाए जाने के बाद कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दल संयुक्त संसदीय समिति से आरोपों की जांच कराए जाने की मांग कर रहे हैं. राहुल गांधी ने हाल ही में इस मामले को लेकर उद्योगपति गौतम अदाणी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी. अदाणी समूह ने सभी आरोपों को आधारहीन बताया है.

By Yogesh Kumar Sahu