किशोरी और उसकी मां को मोबाइल पर नग्न फोटो भेजने के आरोप में युवक के खिलाफ मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Dec 2024 08:28 PM
किशोरी और उसकी मां को मोबाइल पर नग्न फोटो भेजने के आरोप में युवक के खिलाफ मामला दर्ज

ऑडियो सुनें

भदोही. उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र में एक किशोरी और उसकी मां को मोबाइल और इंस्टाग्राम पर निर्वस्त्र तस्वीर भेजने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने इसकी जानकारी दी. पुलिस की एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में किशोरी की मां की तहरीर पर माधो सिंह उत्तर मोहल्ला चौक निवासी आरोपी कैफ के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

पुलिस अधीक्षक मीनाक्षी कात्यायन ने बताया की औराई थाने के घोसिया नगर पंचायत के एक वार्ड की रहने वाली 16 साल की किशोरी के मोबाइल पर कैफ नाम का युवक काफी दिनों से निर्वस्त्र तस्वीरें और अश्लील बातें लिखकर भेज रहा था. उन्होंने बताया कि इससे परेशान होकर किशोरी की मां ने बेटी से मोबाइल लेकर उसे तोड़कर फेंक दिया. उन्होंने बताया कि इसके बाद कैफ ने किशोरी की मां के मोबाइल पर निर्वस्त्र तस्वीरें और अश्लील बातें भेजने लगा. पुलिस के अनुसार आरोप यह भी है कि आरोपी कैफ ने इंस्टाग्राम पर भी निर्वस्त्र तस्वीरें भेजी थी.

अधिकारी ने बताया कि इसका विरोध करने पर कैफ ने पांच दिसंबर को कट्टा और तमंचा की फोटो इंस्टाग्राम पर भेजते हुए धमकी दी कि पुलिस उसका कुछ बिगाड़ नहीं सकती और अगर वे पुलिस से शिकायत करेंगे तो उन्हें जान से मार दिया जायेगा. कात्यायन ने बताया कि बुधवार देर रात इस संबंध में मुकदमा कायम कर फरार आरोपी कैफ के खिलाफ औराई थाना प्रभारी अजीत कुमार श्रीवास्तव को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.

By Yogesh Kumar Sahu