मुंबई में आफत की बारिश; सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित, स्कूल-कॉलेज समेत सरकारी कार्यालय बंद

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 19 Aug 2025 12:40 PM
मुंबई में आफत की बारिश; सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित, स्कूल-कॉलेज समेत सरकारी कार्यालय बंद
ऑडियो सुनें

मुंबई: मुंबई में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश की वजह से कई निचले इलाके जलमग्न हो गए। इससे सड़क यातायात, हवाई सेवाएं, लोकल ट्रेन और रेल सेवाएं धीमी हो गईं। बारिश की वजह हुए जलभराव समेत अन्य कारणों की वजह से महानगर और आसपास के इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। शहर के नगर निकाय ने कहा कि सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालय मंगलवार को बंद रहेंगे। निजी प्रतिष्ठानों से अपील की गई है कि वे अपने कर्मचारियों को घर से काम करने दें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने मंगलवार सुबह एक बयान में शहर और उपनगरों में लगातार हो रही भारी बारिश और आईएमडी की ओर से जारी ‘रेड अलर्ट’ चेतावनी के मद्देनजर एहतियाती उपाय के तौर पर बंद की घोषणा की। बयान में कहा गया है कि यह निर्णय आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी बीएमसी कार्यालयों और सरकारी प्रतिष्ठानों पर लागू होता है।

लगातार हो रही बारिश और आईएमडी द्वारा जारी ‘रेड अलर्ट’ की चेतावनी के मद्देनजर स्कूल और कॉलेज भी बंद कर दिए गए हैं। आईएमडी ने मंगलवार को मुंबई और आसपास के जिलों में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मुंबई पुलिस ने निवासियों से अपील की है कि वे केवल आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। पुलिस ने निजी क्षेत्र से भी घर से काम करने की अनुमति देने का अनुरोध किया है।

इंडिगो समेत कई एयरलाइंस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। इंडिगो एयरलाइंस ने ट्वीट में लिखा, ‘मुंबई में भारी बारिश के कारण हवाई अड्डे के कई मार्गों पर जलभराव और यातायात धीमा हो गया है। इसके कारण परिचालन संबंधी चुनौतियां पैदा हुई हैं, जिससे प्रस्थान और आगमन दोनों में देरी हो रही है। हमें इससे होने वाली असुविधा के लिए खेद है।’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital