School Recruitment Scam: स्कूल भर्ती घोटाले में ED की दबिश; तृणमूल विधायक के ठिकानों समेत कई जगहों पर छापेमारी

School Recruitment Scam: प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायक जीवन कृष्ण साहा और उनके कुछ रिश्तेदारों के ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की गई। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, मुर्शिदाबाद जिले के बुरवान विधानसभा क्षेत्र से विधायक के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत छापेमारी की जा रही है।

2023 में सीबीआई ने गिरफ्तार भी किया था
समाचार एजेंसी पीटीआई के हवाले से बताया गया कि विधायक के कुछ रिश्तेदारों और सहयोगियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है। साहा को 2023 में सीबीआई ने इस घोटाले से कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया था और बाद में रिहा कर दिया था।

सीबीआई की ओर से दर्ज एक प्राथमिकी से जुड़ा मामला
ईडी का धन शोधन मामला सीबीआई की ओर से दर्ज एक प्राथमिकी से जुड़ा है। प्राथमिकी कलकत्ता हाईकोर्ट की ओर से समूह ‘ग’ और ‘घ’ के कर्मचारियों यानी कक्षा 9 से 12 तक के सहायक शिक्षकों और प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच करने के निर्देश के बाद दर्ज की गई थी।

अब तक कुल चार आरोपपत्र दाखिल
ईडी ने इससे पहले इस मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी, उनकी कथित सहयोगी अर्पिता मुखर्जी, टीएमसी विधायक और पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष माणिक भट्टाचार्य के अलावा कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था। ईडी की गिरफ्तारी के बाद पार्थ चटर्जी को टीएमसी ने निलंबित कर दिया था। ईडी ने इस मामले में अब तक कुल चार आरोपपत्र दाखिल किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button