बाबर-औरंगजेब की विरासत का प्रतिनिधित्व करते हैं तेजस्वी और लालू: हिमंत विश्व शर्मा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Nov 2025 09:24 PM
बाबर-औरंगजेब की विरासत का प्रतिनिधित्व करते हैं तेजस्वी और लालू: हिमंत विश्व शर्मा
ऑडियो सुनें

पटना. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भगवान राम के आदर्शों के प्रतीक हैं, जबकि महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव और उनके पिता तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद “बाबर और औरंगजेब की विरासत” का प्रतिनिधित्व करते हैं.

पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा, ”केवल वही व्यक्ति बिहार का मुख्यमंत्री बनने का अधिकारी है जो भगवान राम की उपासना करता है और लक्ष्मण की तरह सर्मिपत है. बिहार की जनता खुद अपने नेता का चयन करेगी. उसे ओवैसी की सलाह की जरूरत नहीं है.” उन्होंने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा, ”अगर ओवैसी इतना बेचैन हैं, तो मैं उन्हें पाकिस्तान जाने का टिकट ऑफर करता हूं. वे वहां अपनी पसंद के लोगों को चुनाव जितवा सकते हैं.”

शर्मा ने कहा, ”मोदी राम और लक्ष्मण के आदर्शों का प्रतीक हैं, जबकि तेजस्वी और लालू बाबर और औरंगजेब की विरासत के प्रतिनिधि हैं. बिहार विधानसभा चुनाव दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई है.” उन्होंने दावा किया कि ”लंबे समय बाद देश में हिंदू स्वतंत्र रूप से जी, बोल और चल-फिर पा रहे हैं, और यह सब मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है. बिहार में वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मदद कर रहे हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि राज्य की जनता राजग को वोट देगी.” कांग्रेस से 2015 तक जुड़े रहे शर्मा ने संवाददताओं से बातचीत में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने दावा किया, ”राहुल गांधी देश के दुश्मन हैं.” असम के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा के विरोधी लोग ‘एसआईआर’ (विशेष गहन पुनरीक्षण) की आलोचना इसलिए करते हैं क्योंकि ”वे चुनाव जीतने के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोटों पर निर्भर हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu