मत पत्र से चुनाव करा लिए जाएं तो भाजपा कभी जीत नहीं सकती: प्रियंका

नयी दिल्ली. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने रविवार को दावा किया कि यदि देश में सही चुनाव और मत पत्र से चुनाव करा लिए जाएं तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को कभी चुनाव नहीं जीत सकती. कांग्रेस नेता ने यहां ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली में यह भी कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी का विश्चास घट रहा है तथा सिर्फ निर्वाचन आयोग की बदौलत चुनाव जीता जा रहा है. प्रियंका गांधी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर दावा किया कि उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ नामों को मतदाता सूचियों से काटे गए हैं.

उनका कहना था कि बिहार विधानसभा चुनाव में हार को लेकर कांग्रेस समर्थकों को मायूस होने की जरूरत नहीं है क्योंकि यह चुनाव 65 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से काटकर और आचार संहिता के बीच लोगों के खातों में 10-10 हजार रुपये पहुंचाकर चोरी हुआ है.

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘जब सब संस्थाओं को कुचला जा रहा है, तो एक-एक भारत वासी को उठना चाहिए, जागना चाहिए और समझना चाहिए कि देश के व्यक्ति पर वार हो रहा है.’’ उन्होंने दावा किया कि आज के समय में न्यायपालिका दबाव में है. कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘एक सही चुनाव लड़ लें, मत पत्र पर लड़ लें तो ये (भाजपा) खुद जानते हैं कि कभी नहीं जीत जाएंगे.’’ उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव की घोषणा लेकर नतीजे तक हर चीज को संदिग्ध बना दिया गया है.

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘ज्ञानेश कुमार, सुखबीर ंिसह संधू और विवेक जोशी. यह देश इन तीन चुनाव आयुक्तों के नाम नहीं भूलेगा. मोदी सरकार इन्हें बचाने की कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन एक दिन इन्हें देश को जवाब देना होगा.’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘आज भाजपा को चुनाव आयोग की जरूरत है, क्योंकि उसके बिना नरेंद्र मोदी चुनाव नहीं जीत सकते. हमें चुनाव आयोग के तीन अधिकारियों के नाम नहीं भूलने हैं, क्योंकि ये लोग लोकतंत्र पर वार कर रहे हैं.’’ उनका कहना था, ‘‘इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है, जब पूरा विपक्ष कह रहा है कि चुनाव आयोग पर हमें भरोसा नहीं रहा. चुनाव प्रकिया के हर कदम को चुनाव आयोग ने संदिग्ध बना दिया है. आज देश की हर संस्था को मोदी सरकार ने अपने सामने झुका दिया है.’’

प्रियंका गांधी ने दावा किया, ‘‘ आज हालात ये हैं कि पिछले आम चुनाव में मुख्यमंत्रियों को जेल में डाला गया, कांग्रेस का बैंक खाता बंद कर दिया गया, भ्रष्टाचार के नाम पर बेबुनियाद आरोप लगाए गए. जिन लोगों का दिल कमजोर था, जो इस दबाव को सह नहीं पाए वो भाजपा में शामिल हो गए. जैसे-जैसे लोग भाजपा में शामिल होते गए, भाजपा की ‘वॉंिशग मशीन’ में धुलकर साफ होते गए.’’ उनके अनुसार, संसद में जब मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने एसआईआर, वोट चोरी का मुद्दा उठाया तो मोदी सरकार नहीं मानी.

उन्होंने कहा, ‘‘आखिर में सरकार ने कहा कि हम पहले ‘वंदे मातरम्’ पर चर्चा करेंगे, फिर एसआईआर और वोट चोरी पर बात करेंगे. सदन में हम ‘वंदे मातरम्’ पर चर्चा करते रहे, लेकिन मोदी सरकार में जनता के मुद्दों पर बात करने की हिम्मत नहीं दिखी.’’ प्रियंका गांधी ने दावा किया कि मोदी सरकार की विदेश नीति विफल हो गई है और आर्थिक नीति ऐसी है कि इनके दो ‘चेलों’ अंबानी और अदाणी को सबकुछ सौंपा जा रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button