निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के डीजीपी, कोलकाता पुलिस आयुक्त को पद से हटाया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 16 Mar 2026 02:53 PM
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के डीजीपी, कोलकाता पुलिस आयुक्त को पद से हटाया
ऑडियो सुनें

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के एक दिन बाद निर्वाचन आयोग ने सोमवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पीयूष पांडे और कोलकाता पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार को पद से हटा दिया। एक अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी सिद्धनाथ गुप्ता को पांडे के स्थान पर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया।

उन्होंने बताया कि आयोग ने अजय कुमार नंद को कोलकाता का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। निर्वाचन आयोग ने कहा कि राज्य में चुनाव तैयारियों की समीक्षा के बाद अधिकारियों को हटाने का फैसला किया गया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, निर्वाचन आयोग ने राज्य सरकार को सिद्धनाथ गुप्ता को पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक (प्रभारी) नियुक्त करने का निर्देश दिया है, जबकि नटराजन रमेश बाबू को सुधार सेवाओं का महानिदेशक नामित किया गया है।

इसके अलावा आयोग ने अजय मुकुंद रानाडे को अतिरिक्त महानिदेशक और आईजीपी (कानून और व्यवस्था) तथा अजय कुमार नंद को कोलकाता पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात करने का आदेश दिया। अधिकारी ने बताया कि आयोग ने आदेशों पर तत्काल अमल का निर्देश दिया और राज्य सरकार से सोमवार अपराह्ल तीन बजे तक अनुपालन रिपोर्ट पेश करने को कहा।

आयोग ने यह भी कहा कि जिन अधिकारियों को हटाया गया है उन्हें चुनाव समाप्त होने तक किसी भी चुनाव संबंधी कार्य में तैनात नहीं किया जाए।
राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना चार मई को होगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav