
मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता नितिन सरदेसाई ने कहा है कि रेलवे को दादर-रत्नागिरी ट्रेन सेवा को फिर से शुरू करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ये मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। मनसे प्रतिनिधिमंडल द्वारा मंगलवार को रेलवे अधिकारियों से मुलाकात के बाद सरदेसाई ने पत्रकारों से कहा कि दादर-रत्नागिरी यात्री ट्रेन को पड़ोसी ठाणे जिले के दिवा में स्थानांतरित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि यह ट्रेन कोंकण, दादर, परेल, सेवरी और यहां के पश्चिमी उपनगरों में रहने वाले लोगों के लिए बहुत सुविधाजनक थी। सरदेसाई ने कहा, ”रेलवे अधिकारी दादर से दोबारा ट्रेन शुरू करने से इनकार कर रहे हैं और इसके बजाय दादर-गोरखपुर ट्रेन शुरू कर रहे हैं। दादर, लालबाग, परेल और पश्चिमी उपनगरों में रहने वालों के लिए दिवा जाकर वह ट्रेन लेना संभव नहीं है। यह बिलकुल भी व्यावहारिक नहीं है।”
उन्होंने कहा कि रेलवे ने ट्रेन सेवा फिर से शुरू करने की इच्छा जताई है, लेकिन यह देखना होगा कि वे मांग पूरी करते हैं या नहीं। मनसे नेता ने कहा, ”अगर मांग पूरी नहीं हुई तो हम आंदोलन शुरू करेंगे और तब इसके लिए रेलवे जिम्मेदार होगा।”



